‘वसूली अभियान मोर्चा’ की पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई हो’
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक, देहरादून ग्रामीण जया बलूनी से मुलाकात कर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी महिला के चरित्र, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित पोस्ट से प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।
शिकायत में कहा गया कि 28 दिसंबर 2025 को भी संबंधित पेज के संचालक के खिलाफ शिकायत का प्रयास किया गया था। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को कांग्रेस और उसके नेताओं को निशाना बनाते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया गया।
कांग्रेस ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अकाउंट संचालकों की पहचान और आईटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।



