अविकल उत्तराखंड
नरेंद्रनगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के छात्र छात्राओं ने प्रायोगिक प्रशिक्षण, फील्ड सर्वेक्षण, खाद्य स्टॉलों पर खाद्य स्वच्छता हेतु शैक्षणिक सर्वेक्षण हेतु 50वें माँ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला क्षेत्र का दौरा किया।
पत्रकारिता विभाग के छात्रों ने मेला परिसर में लगे विभिन्न पंडालों में उपलब्ध सामग्री, उत्पाद, सेवाओं, और सरकारी योजनाओं के बारे में जाना। इस अवसर पर विभाग प्रभारी डॉ सृचना सचदेवा ने बताया कि पत्रकारिता में रिपोर्टिंग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को रिपोर्टिंग विधा, फोटोग्राफी, संचार कौशल की बारीकियों पर अभ्यास कराना और फील्ड के लिए तैयार करना है।
छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ इस प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया और अपने मन में आ रहे सवालों के उत्तर जानने का प्रयास किया।

अर्थशास्त्र विभाग के छात्रों ने कुँजापुरी मेले का नरेन्द्रनगर के स्थानीय व्यापार पर प्रभाव आधारित फील्ड सर्वे हेतु जानकारियां जुटायीं। इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग प्रभारी डॉ सुधा रानी ने कहा कि छात्रों को इस मेला परिसर में विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को बारीकी से देखने,समझने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है और इसके साथ ही वे आर्थिक सर्वेक्षण हेतु डाटा संग्रहण कर पाते हैं।
बी एस सी गृहविज्ञान विभाग के छात्रों ने मेला परिसर में लगे खाने के स्टॉलों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता की जानकारी जुटायी।
इस मौके पर बीएससी गृहविज्ञान विभाग प्रभारी डॉ सोनी तिलारा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन की स्थापना के अवसर पर प्रत्येक वर्ष १६ अक्टूबर को विश्व खाद्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। छात्रों के लिए आयोजित आज की इस गतिविधि का उद्देश्य इस दिवस को मनाने के साथ ही मेला स्थान पर लगे विभिन्न खाद्य स्टॉलों पर साफ सफाई के महत्व को जानना है। उन्होंने विभाग की छात्राओं को खाना बनाने से लेकर प्लेट में परोसे जाने तक की प्रक्रिया में स्वछता का ध्यान देने पर ज़ोर दिया।
सभी छात्र छात्राओं ने विभिन्न स्टालों पर उपलब्ध व्यंजनों का स्वाद लिया।
गतिविधि में डॉ विक्रम सिंह बर्त्वाल, विशाल त्यागी, सोनिया, ऋषिता, रंजना, कल्पना, हिमानी, जय, निशा, निकिता, दिशा, राकेश, आयुषी गंगोटी, शालू, वंशिका, हिमानीऔर अन्य छात्र शामिल हुए।




