जनता इंटर कॉलेज कमलपुर का परचम

विकासखंड एकेश्वर विज्ञान महोत्सव

छह प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान

बाल वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा का मनवाया लोहा

विज्ञान नाटक में भी हासिल किया द्वितीय स्थान

अविकल उत्तराखंड

पौड़ी। विकासखंड एकेश्वर की ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव में जनता इंटर कॉलेज, कमलपुर, संगलाकोटी के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और प्रतिभा का परिचय देते हुए शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

छह उपविषयों में प्रथम स्थान
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के अंतर्गत आयोजित विभिन्न उपविषयों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें अक्षित रावत ने ‘बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता’, कनिका नेगी ने ‘हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण’, अभिषेक रावत ने ‘गणितीय प्रतिरूपण एवं कम्प्यूटेशनल थिंकिंग’ तथा निहारिका नेगी ने ‘स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई’ विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसी क्रम में नूतन नेगी ने ‘ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान’ और अंशिका ने ‘आपदा प्रबंधन’ विषय में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए। वहीं, सूर्यप्रकाश ने ‘स्वदेशी कृषि पद्धतियां’ विषय में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विज्ञान नाटक में भी दिखाया दमखम
महोत्सव की विज्ञान नाटक प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। ‘महासागरों का संरक्षण’ विषय पर आधारित नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय में खुशी की लहर
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया जा रहा है।

ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव में मिली इस सफलता ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को नई पहचान दी है। विद्यार्थियों के प्रदर्शन से क्षेत्र में भी हर्षोल्लास का वातावरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *