पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके
लोकपर्व इगास में दिखा बंशीधर तिवारी का पहाड़ी अंदाज
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। लोकपर्व इगास बग्वाल के अवसर पर देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के अलावा सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का अनूठा पहाड़ी अंदाज देखने को मिला।
पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर वह खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने पहाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदमताल की।
कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की लोकपर्व के प्रति सहज सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बस गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन हमारी लोकपरंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से समाज में आपसी मेलजोल और सामूहिकता की भावना भी मजबूत होती है।
तिवारी ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए केवल उनके महत्व की चर्चा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना भी जरूरी है।

कार्यक्रम में पहाड़ी लोकगीतों और पारंपरिक उल्लास के बीच तिवारी की सहभागिता ने लोकसंस्कृति के प्रति जुड़ाव का संदेश दिया। दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले इगास पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ लोकपर्व का आनंद लिया।




