कांग्रेस के अंदरूनी रण पर भाजपा का निशाना

देखें सीएम ने क्या कहा

2027 के रण में भाजपा का चुनावी शंखनाद

2017 और 2022 से बड़ी जीत का लक्ष्य

जनता के आशीर्वाद के लिए तैयार होगा रोडम

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। सत्ता में वापसी के साथ सीटों का आंकड़ा बढ़ाने की महत्वाकांक्षा लेकर चल रही पार्टी ने सांगठनिक सक्रियता और चुनावी रणनीति को एक साथ धार देना शुरू कर दिया है। दिसंबर के सांगठनिक कार्यक्रमों से लेकर कमजोर विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक नब्ज टटोलने तक, पार्टी का पूरा फोकस अब चुनावी तैयारियों पर है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव ने दावा किया कि पार्टी आगामी चुनाव में 2017 और 2022 से भी बड़ी जीत हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

रविवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। इनमें संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मीडिया से बातचीत में राम माधव ने कहा कि भाजपा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से कर रही है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की मौजूदगी में चुनावी योजना और रणनीति पर विमर्श हुआ है। कांग्रेस की तैयारियों को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां अंदरूनी रण चल रहा है और उसे रोकने के लिए नीति बनाई जा रही है, जबकि भाजपा जनता का अधिक से अधिक आशीर्वाद प्राप्त करने की योजना तैयार कर रही है।

प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि पार्टी चुनावी दृष्टि से पूरी तरह तैयार है। बैठकों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मुद्दों, समस्याओं और उनके समाधान के साथ सरकार की उपलब्धियों को अलग-अलग संकलित करने पर चर्चा हुई। सभी वर्गों और जातियों तक पहुंच बनाने के लिए आउटरीच कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद भी चुनावी रणनीति का हिस्सा होगा।

उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में भाजपा जिन 23 विधानसभा सीटों पर पराजित हुई थी, वहां की स्थिति का विशेष आकलन किया गया है। दिसंबर के सांगठनिक कार्यक्रमों, पार्टी के प्रस्तावित रिपोर्ट कार्ड, मीडिया सेंटर की शुरुआत और 21-22 नवंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश कार्यसमिति के साथ कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है।

बैठकों में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित केंद्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *