विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कांग्रेस का पलटवार

अंकिता के चरित्र पर हमले बर्दाश्त नहीं -कांग्रेस

अंकिता को कितनी बार कठघरे में खड़ा करेंगे? महिला सुरक्षा पर धामी सरकार से कांग्रेस के सवाल

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषसिद्ध मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार और आर्य परिवार पर निशाना साधा है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि कथित व्हाट्सऐप चैट और अन्य दावों के आधार पर अंकिता, उसके माता-पिता और मित्र को लेकर सवाल खड़े करना दुर्भाग्यपूर्ण है। आखिर अंकिता को कितनी बार कठघरे में खड़ा किया जाएगा? क्या एक बेटी को न्याय पाने के लिए मरने के बाद भी अपने चरित्र का प्रमाण देना पड़ेगा?

दसौनी ने कहा कि पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों को सक्षम न्यायालय दोषी ठहराकर आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है। यदि किसी के पास कोई नया और प्रासंगिक साक्ष्य है तो उसे न्यायिक मंच पर प्रस्तुत किया जाना चाहिए, न कि सार्वजनिक मंचों से एक मृत बेटी की गरिमा को चोट पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता पहले ही बेटी को खोने का दर्द झेल रहे हैं। उन्हें दोबारा सार्वजनिक आरोपों और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने अंकिता प्रकरण में वीआईपी एंगल से जुड़े सवालों पर भी सरकार से पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाकर मूल मुद्दों से ध्यान नहीं भटकाया जा सकता।

दसौनी ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने देहरादून में छह वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच के लिए अस्पतालों के चक्कर लगवाने और हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के दावे करने वाली सरकार पीड़िताओं को सम्मानजनक चिकित्सा सुविधा तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून मामले में लापरवाही के जिम्मेदारों पर कार्रवाई, हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और अंकिता हत्याकांड में वीआईपी से जुड़े सवालों का जवाब देने की मांग की। दसौनी ने कहा कि देवभूमि की बेटियों को सुरक्षा और न्याय चाहिए, खोखले आश्वासन नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *