सामान्य मृत्यु में 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी
चारधाम यात्रा का तुलनात्मक विश्लेषण
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एस डी सी) फाउंडेशन ने चारधाम यात्रा 2026 का पिछले वर्ष 2025 की यात्रा के साथ तुलनात्मक विश्लेषण जारी किया: रिकॉर्ड तीर्थयात्री संख्या, लंबी यात्रा अवधि और व्यवधानों में कमी
2026 में 65.65 लाख श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन, 2025 की तुलना में 29 प्रतिशत की वृद्धि
सामान्य मृत्यु में चिंताजनक वृद्धि
2025 में 159 से बढ़कर 2026 में 288, यानी 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी
कैरिंग कैपेसिटी, सुरक्षा, मृत्यु दर में कमी, स्थिरता और आंकड़ों पर आधारित यात्रा प्रबंधन को प्राथमिकता देने की अपील
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। सामाजिक एवं पर्यावरणीय गैर-लाभकारी संस्था एसडीसी फाउंडेशन ने चारधाम यात्रा 2026 का तुलनात्मक आंकड़ा विश्लेषण जारी किया है। इस विश्लेषण में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या की तुलना वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा से की गई है।
अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती द्वारा तैयार किए गए इस विश्लेषण में कुल तीर्थयात्री संख्या, यात्रा सीजन की अवधि, श्रद्धालुओं की मृत्यु, ज़ीरो पिलग्रिम डेज और पांचों धामों में औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।
वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा में कुल श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया, लेकिन आंकड़ों का वास्तविक महत्व समझने के लिए उनका व्यापक संदर्भ में विश्लेषण करना आवश्यक है। यात्रा सीजन की लंबी अवधि, मौसम एवं आपदा संबंधी व्यवधानों में उल्लेखनीय कमी तथा यात्रा के अधिक संचालन दिवसों ने कुल श्रद्धालु संख्या में वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कुल तीर्थयात्री संख्या: 2026 में 29 प्रतिशत की वृद्धि
एसडीसी फाउंडेशन द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में पांचों धामों में कुल 65,65,197 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। इस प्रकार वर्ष 2026 में पिछले वर्ष की तुलना में 14,57,851 अधिक श्रद्धालुओं की वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 29 प्रतिशत है।
वर्ष 2026 में पांचों धामों में सर्वाधिक श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे, जहां 23,49,345 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद केदारनाथ में 19,33,138, गंगोत्री में 10,07,177, यमुनोत्री में 8,84,841 और हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालु पहुंचे।

पांचों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई, हालांकि वृद्धि की दर में काफी अंतर रहा। इसलिए केवल कुल संख्या के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय प्रत्येक धाम के अलग-अलग आंकड़ों का विश्लेषण करना भी महत्वपूर्ण है। वर्ष 2025 की तुलना में बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या में सर्वाधिक 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यमुनोत्री में यह वृद्धि 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत रही, जबकि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में केवल 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
यात्रा सीजन की लंबी अवधि और संचालन दिवसों में वृद्धि
इस तुलनात्मक विश्लेषण का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष वर्ष 2026 में यात्रा सीजन की लंबी अवधि है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा अवधि लगभग छह महीने से बढ़कर करीब सात महीने रही।
गंगोत्री में वर्ष 2026 में यात्रा 206 दिनों तक चली, जबकि वर्ष 2025 में यह अवधि 176 दिन थी। इसी प्रकार यमुनोत्री में 2026 में 207 दिनों की तुलना में 2025 में 177 दिन और केदारनाथ में 204 दिनों की तुलना में 175 दिन यात्रा संचालित हुई।
बदरीनाथ में वर्ष 2026 में यात्रा 208 दिनों तक चली, जबकि 2025 में यह अवधि 206 दिन थी। हेमकुंड साहिब में भी यात्रा अवधि 2025 के 139 दिनों से बढ़कर 2026 में 141 दिन हो गई।
यात्रा के लिए उपलब्ध इस अतिरिक्त समय ने श्रद्धालुओं को दर्शन के अधिक अवसर प्रदान किए और कुल तीर्थयात्री संख्या में वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

स्वास्थ्य ख़राब होने के कारण सामान्य मृत्यु में चिंताजनक और उल्लेखनीय वृद्धि
चारधाम यात्रा 2025 और 2026 के तुलनात्मक आंकड़े श्रद्धालुओं की मृत्यु के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाते हैं। वर्ष 2025 में कुल 182 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 297 हो गई। इस प्रकार कुल मौतों में 115 की वृद्धि यानी लगभग 63 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
सबसे अधिक चिंता का विषय स्वास्थ्य ख़राब होने के कारण सामान्य मृत्यु में हुई वृद्धि है। वर्ष 2025 में ऐसी 159 मौतें दर्ज की गई थीं, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 288 हो गई। यानी स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतों में 129 की वृद्धि हुई, जो लगभग 81 प्रतिशत है। वर्ष 2026 में हुई कुल मौतों में अधिकांश मामले स्वास्थ्य ख़राब होने के कारण सामान्य मृत्यु से जुड़े थे।
वर्ष 2026 में धामवार स्वास्थ्य ख़राब होने के कारण सामान्य मृत्यु की बात करें तो केदारनाथ में 142, बदरीनाथ में 87, यमुनोत्री में 38 और गंगोत्री में 21 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में केदारनाथ में 75, बदरीनाथ में 45, यमुनोत्री में 23 और गंगोत्री में 16 ऐसी मौतें दर्ज की गई थीं।
एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य ख़राब होने के कारण सामान्य मृत्यु में हुई इस तीव्र वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में 159 से बढ़कर वर्ष 2026 में 288 मौतों का आंकड़ा पहुंचना, यानी 81 प्रतिशत की चिंताजनक वृद्धि, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं की गंभीर समीक्षा की मांग करता है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वर्ष 2026 में केदारनाथ और बदरीनाथ में कुल 229 स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतें होना बेहद चिंताजनक है। यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली में सुधार, स्वास्थ्य जांच और नियमित निगरानी की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि चारधाम यात्रा प्रबंधन का उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं की संख्या को रिकॉर्ड के तौर पर देखना नहीं होना चाहिए, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा, बेहतर तैयारी और समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
ज़ीरो पिलग्रिम डेज: यात्रा व्यवधानों में उल्लेखनीय कमी

इस विश्लेषण का एक अन्य प्रमुख निष्कर्ष वर्ष 2026 में ज़ीरो पिलग्रिम डेज की संख्या में भारी कमी आना है। विश्लेषण में शामिल पांचों धामों में वर्ष 2025 के दौरान कुल 86 ज़ीरो पिलग्रिम डेज यानि शून्य-तीर्थयात्री दिवस दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर केवल पांच रह गई।
गंगोत्री में वर्ष 2025 के 35 शून्य-तीर्थयात्री दिवस घटकर 2026 में केवल एक रह गए। यमुनोत्री में यह संख्या 38 से घटकर चार दिन रही। केदारनाथ में दोनों वर्षों में एक भी शून्य-तीर्थयात्री दिवस दर्ज नहीं किया गया। बदरीनाथ में वर्ष 2025 के छह दिन घटकर 2026 में शून्य हो गए। इसी प्रकार हेमकुंड साहिब में भी वर्ष 2025 के सात शून्य-तीर्थयात्री दिवस घटकर 2026 में शून्य हो गए।
ज़ीरो पिलग्रिम डेज यानि शून्य-तीर्थयात्री दिवस का अर्थ ऐसे दिन से है, जब आपदा, अत्यधिक खराब मौसम या मौसम संबंधी संभावित चेतावनियों के कारण श्रद्धालु किसी धाम में दर्शन नहीं कर पाते हैं।
ऐसे व्यवधानों में कमी का अर्थ है कि वर्ष 2026 में धाम अपेक्षाकृत अधिक दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए खुले और सुलभ रहे। अपेक्षाकृत कम व्यवधान वाला मानसून सीजन भी इस स्थिति का एक महत्वपूर्ण कारण रहा।
औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या: सामने आई एक अलग तस्वीर
हालांकि वर्ष 2026 में पांचों धामों में कुल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी, लेकिन औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या के आंकड़े एक अलग तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। बदरीनाथ में यह संख्या वर्ष 2025 के 8,301 से बढ़कर 2026 में 11,295 श्रद्धालु प्रतिदिन हो गई, यानी लगभग 36 प्रतिशत की वृद्धि। हेमकुंड साहिब में भी औसत दैनिक संख्या 2,079 से बढ़कर 2,771 हो गई, जो लगभग 33 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसके विपरीत, केदारनाथ में औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या में लगभग 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2025 में जहां प्रतिदिन औसतन 10,113 श्रद्धालु पहुंचे थे, वहीं 2026 में यह संख्या घटकर 9,476 रह गई। यमुनोत्री में भी औसत दैनिक संख्या 4,638 से घटकर 4,359 हो गई, जो लगभग 6 प्रतिशत की कमी है।
गंगोत्री में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। यहां औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या वर्ष 2025 के 5,378 से घटकर वर्ष 2026 में 4,913 रह गई, यानी लगभग 9 प्रतिशत की कमी आई।
गंगोत्री के आंकड़े विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। वर्ष 2025 में यहां कुल 7,58,249 श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 10,07,177 हो गई। इसके बावजूद औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या में प्रतिदिन 465 श्रद्धालुओं की कमी दर्ज की गई। यात्रा सीजन की लंबी अवधि और शून्य-तीर्थयात्री दिवस में आई कमी इस अंतर को काफी हद तक स्पष्ट करती है।
ये आंकड़े रेखांकित करते हैं कि केवल कुल तीर्थयात्री संख्या के आधार पर यात्रा के दबाव, बुनियादी ढांचे की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं के प्रबंधन का संपूर्ण आकलन नहीं किया जा सकता।
वाहनों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि
चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2025 में 5,14,016 वाहनों की आवाजाही हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में 14 नवंबर तक यह संख्या बढ़कर 6,68,877 हो गई। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 1,54,861 अधिक वाहनों की वृद्धि हुई, जो 30 प्रतिशत से अधिक है।
वाहनों की संख्या में यह तेज वृद्धि यात्रा मार्गों, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, पर्यावरण और सड़क सुरक्षा पर बढ़ते दबाव को दर्शाती है। ये आंकड़े बेहतर सुरक्षा उपायों, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षित एवं टिकाऊ चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अधिक समन्वित तथा आंकड़ों पर आधारित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता को रेखांकित करते हैं।
रिकॉर्ड संख्या से आगे देखने की जरूरत: चुनौतियां और चिंताएं
यह तुलनात्मक विश्लेषण इस महत्वपूर्ण सवाल को सामने रखता है कि चारधाम यात्रा की सफलता का आकलन किस आधार पर किया जाना चाहिए।
सरकारों के लिए रिकॉर्ड तीर्थयात्री संख्या उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन इन आंकड़ों का आकलन प्रत्येक धाम की धारण क्षमता, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति, स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतों, आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारी, बढ़ते वाहनों से पर्यावरण पर पड़ने वाले दबाव, कचरे के उत्पादन एवं प्रबंधन, मौसम संबंधी संवेदनशीलताओं और हिमालयी क्षेत्र की पारिस्थितिक नाजुकता के संदर्भ में भी किया जाना चाहिए।
उत्तराखंड का हिमालयी पर्यावरण अत्यंत संवेदनशील है। यहां तीर्थाटन, पर्यटन, स्थानीय आजीविका और पारिस्थितिकीय स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उचित योजना, बुनियादी ढांचे और सुरक्षा उपायों में समानांतर सुधार किए बिना श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या भविष्य में दीर्घकालिक चुनौतियां पैदा कर सकती है।
सेफ और सस्टेनेबल यात्रा प्रबंधन पर जोर
विश्लेषण के निष्कर्ष साझा करते हुए अनूप नौटियाल ने जोर दिया कि चारधाम यात्रा की सफलता का आकलन करते समय सरकार और अन्य संबंधित पक्षों को केवल कुल श्रद्धालु संख्या तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या को यात्रा की लंबी अवधि, मौसम संबंधी व्यवधानों में उल्लेखनीय कमी और अधिक संचालन दिवसों के संदर्भ में समझना जरूरी है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ में कुल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के बावजूद औसत दैनिक तीर्थयात्री संख्या में आई गिरावट एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष है, जिस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतों में हुई चिंताजनक वृद्धि पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की होड़ से आगे बढ़कर धामों की धारण क्षमता, श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और चारधाम यात्रा के दीर्घकालिक भविष्य को प्राथमिकता देनी होगी। इसके लिए आंकड़ों पर आधारित योजना निर्माण, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पर्याप्त चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधाओं, सड़क और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा तथा प्रत्येक धाम के अनुरूप अलग-अलग भीड़ प्रबंधन रणनीतियों को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस तुलनात्मक विश्लेषण का उद्देश्य व्यापक सार्वजनिक विमर्श को प्रोत्साहित करना तथा सरकारी एजेंसियों, पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित पक्षों के बीच साक्ष्य एवं आंकड़ों पर आधारित निर्णय प्रक्रिया को बढ़ावा देना है।
( एसडीसी फाउंडेशन के प्रवीण उप्रेती ने वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा के आंकड़ों का संकलन किया और रिपोर्ट तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।)




