अविकल उत्तराखंड
देहरादून। स्थायी नियुक्ति, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम 18 हजार रुपये मानदेय देने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की ओर से आहूत दो दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल मंगलवार को संपन्न हो गई।
इस दौरान देहरादून के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भोजनमाताओं ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शन के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
सभा में भोजनमाताओं ने कहा कि वे पिछले 20-21 वर्षों से सरकारी और अर्द्धसरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन बनाने का काम कर रही हैं, लेकिन इतने लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उनकी स्थिति असुरक्षित और उपेक्षित बनी हुई है। उन्हें न तो स्थायी नियुक्ति मिली है और न ही सम्मानजनक मानदेय दिया जा रहा है।
भोजनमाताओं ने आरोप लगाया कि विद्यालयों में भोजन बनाने के अतिरिक्त उनसे झाड़ू लगाने, सफाई करने और शिक्षकों के लिए चाय बनाने जैसे कार्य भी कराए जाते हैं। सर्दियों में शिक्षकों का खाना गर्म करने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी जाती है। कई बार निर्धारित समय से अधिक देर तक विद्यालय में रोका जाता है। विरोध करने पर विद्यालय से निकालने की धमकी दी जाती है। कुछ मामलों में भोजनमाताओं को काम से हटाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
संगठन ने इन परिस्थितियों को श्रम शोषण बताते हुए भोजन बनाने के अतिरिक्त अन्य कार्य कराने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही विद्यालयों में भोजनमाताओं के उत्पीड़न और उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग उठाई।
भोजनमाताओं ने सरकार से स्थायी काम के लिए स्थायी नियुक्ति देने, सभी भोजनमाताओं को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम 18 हजार रुपये मासिक मानदेय घोषित करने, बच्चों की संख्या कम होने पर भोजनमाताओं को विद्यालय से नहीं हटाने, भोजन बनाने के अलावा अन्य कार्य नहीं कराने, विद्यालयों में शोषण और उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा उनसे बेगार कराना बंद करने की मांग की।
धरने में देहरादून, डोईवाला, रायवाला, लालतप्पड़, भानियावाला, प्रेमनगर, नेपाली फार्म, छिद्दरवाला, लख्खीवाला, चुख्खुवाला, गोरखपुर, पटेलनगर, मेहूंवाला, अजबपुर और धर्मपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों की भोजनमाताओं ने भाग लिया। इस दौरान भोजनमाताओं ने जोशीले भाषणों और क्रांतिकारी गीतों के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में जिला कमेटी की पूजा, मंजू देवी, संगीता चमोला, नजमा, नवली, रजीता देवी, बहुगुणा, राजकुमारी, सरिता और कौशल्या समेत बड़ी संख्या में भोजनमाताएं मौजूद रहीं।




