बदरी-केदार में चढ़ावे का हिसाब बताए सरकार- कांग्रेस

लोहाघाट में कांग्रेस की जनसभा में भाजपा पर निशाना

उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार

धामी सरकार को देना होगा जनविरोधी नीतियों का जवाब : सैलजा

महिला सुरक्षा और बेरोजगारी पर भी उठाए सवाल

अविकल उत्तराखंड

लोहाघाट। विधानसभा चुनाव की गर्मी बढ़ने लगी है। इधऱ, बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता अब बदलाव चाहती है।
सरकार की घोषणाओं और धरातल पर किए गए कामों के बीच बड़ा अंतर है। धामी सरकार को अपनी नीतियों और अधूरे वादों पर जनता के सवालों का जवाब देना होगा।

लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित जनसभा में सैलजा ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। पहाड़ी क्षेत्रों में अस्पताल चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं। युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर युवाओं को रोजगार कब मिलेगा और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विकास केवल विज्ञापनों और घोषणाओं से नहीं होता। सरकार को यह बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में क्या बदलाव आया है। जनता को अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस काम चाहिए।

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में सोने से जुड़े विवाद तथा चढ़ावे के हिसाब का मुद्दा उठाते हुए सैलजा ने कहा कि दोनों धामों में श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ दान करते हैं। सामान्य परिवारों की महिलाएं भी अपनी छोटी-छोटी बचत से 50 और 100 रुपये चढ़ावे में देती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को यह जानने का अधिकार है कि धामों में कितना चढ़ावा आया और उसका उपयोग किस कार्य में किया गया। सरकार को दोनों धामों की आय-व्यय का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए। साथ ही सामने आए आरोपों की जांच की स्थिति भी स्पष्ट करनी चाहिए।

सैलजा ने कहा कि जनता के धन और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। कांग्रेस महिला सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार से जवाबदेही चाहती है। कांग्रेस जनता के सवालों को मजबूती से उठाएगी और प्रदेश में बदलाव की लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *