दूध के दाम दो से तीन रुपये प्रति लीटर तक बढ़े
क्रीम के एक किलो पैक पर 50 रुपये की बढ़ोतरी
अविकल उत्तराखंड
लालकुआं। महंगाई की मार अब आंचल दुग्ध उत्पादों पर भी पड़ने जा रही है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है।
संशोधित दरें 20 नवंबर से लागू होंगी। नई दरों के तहत दूध, पनीर और क्रीम सहित विभिन्न उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
नैनीताल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि मूल्य संशोधन के बाद आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसी तरह शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क अब 60 रुपये के बजाय 63 रुपये और डबल टोंड मिल्क 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
पैक वाले दूध की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये कर दी गई है। वहीं, आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक के लिए अब उपभोक्ताओं को 355 रुपये के बजाय 372 रुपये चुकाने होंगे।
दुग्ध उत्पादों में आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है। सबसे अधिक बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक में की गई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में वृद्धि की थी। अब आंचल की नई दरें लागू होने से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है और 20 नवंबर से सभी संबंधित उत्पाद नई दरों पर उपलब्ध होंगे।
नई मूल्य सूची एक नजर में
| उत्पाद | पुरानी कीमत | नई कीमत |
|---|---|---|
| गाय का दूध (प्रति लीटर) | ₹58 | ₹60 |
| शक्ति स्टैंडर्ड (प्रति लीटर) | ₹60 | ₹63 |
| डबल टोंड (प्रति लीटर) | ₹54 | ₹56 |
| गोल्ड फुल क्रीम (6 लीटर) | ₹426 | ₹450 |
| शक्ति स्टैंडर्ड (6 लीटर) | ₹355 | ₹372 |
| पनीर (180 ग्राम) | ₹80 | ₹85 |
| क्रीम (1 किलो) | ₹530 | ₹580 |




