पांच साल तक महिलाओं की सुध नहीं ली, चुनाव से पहले याद आई- गोदियाल

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस का हमला

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच धामी सरकार की ओर से घोषित बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने की सुध नहीं लेने वाली सरकार को अब कार्यकाल के आखिरी दो महीनों में मातृशक्ति की याद आ रही है। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव से ठीक पहले आर्थिक सहायता की घोषणा कर महिलाओं को लुभाने की कोशिश क्यों की जा रही है?

गोदियाल ने कहा कि सरकारें जनता के विकास और कल्याण के लिए पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं। यदि धामी सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी थी तो उसे पूरे कार्यकाल में उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए थे। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रसूता महिलाओं को डांडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है या घास लेने जंगल गई महिलाओं को गुलदार अपना निवाला बना लेता है, तब सरकार की महिला सुरक्षा और कल्याण संबंधी चिंता कहां चली जाती है?

उन्होंने कहा कि सरकार इस योजना के तहत पांच लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का दावा कर रही है। सवाल यह है कि क्या उत्तराखंड में केवल पांच लाख महिलाएं ही हैं? क्या सरकार ने महिलाओं को भी चुनावी लाभ और वोट बैंक के हिसाब से अलग-अलग श्रेणियों में बांट दिया है? योजना की पहली किस्त चुनाव से पहले और अगली किस्त चुनाव के बाद देने की बात इसकी मंशा पर सवाल खड़े करती है। यह किसी कल्याणकारी योजना से अधिक चुनावी प्रलोभन के रूप में दिखाई देती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा से पूछा कि बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चुनाव के दौरान महिलाओं के खातों में धनराशि डालने की राजनीति क्या अब उत्तराखंड में भी अपनाई जा रही है? उन्होंने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता की वापसी को लेकर उठे विवाद का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि भाजपा स्पष्ट करे कि महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता उनका अधिकार है या चुनावी मौसम में दिया जा रहा ऐसा एहसान, जिसकी कीमत वोट के रूप में वसूली जाएगी?

गोदियाल ने कहा कि भाजपा के दस वर्षों के शासन, प्रचंड बहुमत और तथाकथित ट्रिपल इंजन की ताकत के बावजूद सरकार के पास गिनाने के लिए ठोस विकास कार्यों का अभाव है। यही वजह है कि चुनाव नजदीक आते ही नई योजनाओं और घोषणाओं के जरिए जनता को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई महीने पहले ही उन्होंने आशंका जताई थी कि चुनाव करीब आते ही धामी सरकार इस तरह की घोषणाओं के जरिए चुनावी माहौल बनाने लगेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रोजगार का संकट बरकरार है। पलायन रोकने में सरकार नाकाम रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है तथा कानून व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है। भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का सिलसिला थम नहीं रहा है। वहीं, मंदिरों में सोने और चंदे से जुड़े विवादों ने प्रदेश की धार्मिक आस्था को प्रभावित किया है। जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भयभीत हैं।

गोदियाल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं का सशक्तीकरण चाहती तो पांच साल के कार्यकाल में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए ठोस प्रयास करती। केवल चुनाव के समय खातों में धनराशि डालने की घोषणा महिला सशक्तीकरण नहीं है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति को आर्थिक प्रलोभन नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के साथ आत्मनिर्भरता के अवसर चाहिए। महिलाएं चुनावी घोषणाओं और सरकार के पांच साल के कामकाज के बीच का अंतर समझती हैं।

गोदियाल ने कहा कि भाजपा को समझ लेना चाहिए कि उत्तराखंड की मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है। वह अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *