उपभोक्ताओं से अभद्रता और धमकी देना पड़ा भारी
विभाग ने उपनलकर्मी को सेवा से हटाया
ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों से हुई अभद्र व्यवहार की पुष्टि,
उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप में मीटर रीडर सेवा से हटाया
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने की शिकायतों पर उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने सख्त कार्रवाई की है।
विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
यूपीसीएल के विद्युत वितरण मंडल (नगरीय), देहरादून के अनुसार, मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत के खिलाफ उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। विभाग ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच के दौरान प्रकरण से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी मामले की पड़ताल की।
जांच में संबंधित कर्मचारी द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच आख्या के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा गया। विभाग ने उपनल को सूचित किया कि राजेन्द्र सिंह रावत को मीटर रीडर संविदा कर्मी के रूप में विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर वापस किया जा रहा है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव अथवा अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कार्मिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा अनुचित व्यवहार, अभद्रता या अवैध धनराशि की मांग की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा उच्चाधिकारियों को दें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




