आंदोलन- डाटा एंट्री ऑपरेटरों को नहीं मिला हक

जन संघर्ष मोर्चा ने घेरी विकासनगर तहसील

उपनल कर्मियों की तर्ज पर मानदेय देने की मांग

डाटा एंट्री ऑपरेटरों के समर्थन में उतरा जन संघर्ष मोर्चा

शासनादेश के बावजूद डाटा एंट्री ऑपरेटरों को समान वेतन नहीं, मोर्चा ने उठाई आवाज

अविकल उत्तराखंड

विकासनगर। प्रदेश की तहसीलों के भूलेख केंद्रों में वर्षों से सेवाएं दे रहे डाटा एंट्री ऑपरेटरों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विकासनगर तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार जीडी जोशी को सौंपा गया।

नेगी ने कहा कि प्रदेश की तहसीलों में करीब 120 कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें उपनल कर्मियों की भांति समान कार्य-समान वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग के जून 2016 के शासनादेश में इन कार्मिकों को उपनल कर्मियों के समान मानदेय देने का प्रावधान किया गया था, लेकिन इसका अनुपालन नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपनल के माध्यम से नियुक्त सभी कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य कर दिया गया है। ऐसे में भूलेख केंद्रों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर भी इस सुविधा के पात्र हैं। राजस्व परिषद उत्तराखंड ने 14 अगस्त 2026 को शासन को भेजी रिपोर्ट में भी स्पष्ट किया है कि इन कार्मिकों का मानदेय उपनल कर्मियों की भांति स्वतः परिवर्तित हो जाएगा। इसके बावजूद संबंधित कार्मिकों को इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है।

नेगी ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं देने वाले इन कर्मचारियों के साथ यह अन्याय है। शासनादेश और राजस्व परिषद की स्पष्ट संस्तुति के बावजूद कार्रवाई नहीं होना सरकारी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मोर्चा जल्द ही इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगा और कर्मचारियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करेगा।

प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, बृजलाला टम्टा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, संजय गुप्ता, गुलफाम अली, वाहिद कुरैशी, मानचंद राणा, रूपचंद, विक्रम सिंह पाल, नदीम, अतुल हांडा, परितोष सरकार, भीम सिंह बिष्ट, शराफत अली, अशोक गुप्ता, अतर सिंह नेगी, विनय गुप्ता, प्रमोद शर्मा, विनोद जैन, परिमल गोस्वामी, प्रवेश तोमर, अंकुर चौरसिया, अजीत चौधरी, नसीम, देव सिंह चौधरी, अनिल गौड़, सायरा बानो, नाहिद खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *