मुख्यमंत्री ने ‘बेटा हिमालय का’ गीत का किया विमोचन

सुनें, सीएम धामी की नीतियों पर आधारित गीत

गीत-संगीत के माध्यम से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने की पहल

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के विकास कार्यों एवं राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया।

टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों तथा स्टार्टअप एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को गीत-संगीत एवं दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से खूबसूरती से दर्शाया गया है।

मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ की थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की उत्तरोत्तर प्रगति एवं विकास की नई संभावनाओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
इस मौके पर आर जे काव्या और नीरज उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *