मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी में अब 50 खेल होंगे शामिल
विजेता जिले को मिलेगा 10 लाख रुपये का पुरस्कार
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विभिन्न वर्गों के कल्याण से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसके तहत मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी की विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने, प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया है। विधानसभा स्तर पर तीनों पुरस्कारों की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये की गई है।
इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1000, 800 और 600 रुपये की गई है। राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि 1500, 1000 और 700 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 2000, 1500 और 1000 रुपये कर दी गई है।
प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता जिले को प्रदान किए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। प्रतियोगिता में वर्तमान में शामिल 32 खेलों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजन के लिए कुल बजट में भी आवश्यक वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों के समान मानदेय देने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुमोदन किया है।
आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित की जाएगी। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये (एक करोड़ नौ लाख 88 हजार रुपये) स्वीकृत किए गए हैं।




