सत्रह साल से फरार इनामी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

दून और हल्द्वानी की डकैती में था वांछित

मेरठ से बंगाल तक बदले ठिकाने

देहरादून। उत्तराखण्ड में दर्ज डकैती के दो मामलों में 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शौकत अली को एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। वर्ष 2009 में देहरादून के वसंत विहार स्थित ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर में हथियारों के बल पर लूट की घटना के बाद से वह फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने मेरठ छोड़कर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदले। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी वांछित रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा ने थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पांच हथियारबंद लोगों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और लूटपाट की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 80/09 धारा 397 आईपीसी के तहत दर्ज किया था।

जांच के दौरान घटना में राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों राशिद, बबलू, इमरान और समद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पांचवां आरोपी शौकत अली घटना के बाद से फरार चल रहा था।

उसकी गिरफ्तारी पर पहले देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी।

ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई गिरफ्तारी

वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस ने शौकत अली की तलाश शुरू की। टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाया। जांच में जानकारी मिली कि वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शौकत अली को थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था।

यूपी और उत्तराखण्ड में 11 मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शौकत अली पुत्र लतीफ (54) मूल रूप से अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ का निवासी है। उसका वर्तमान पता विदानपुली, इच्छापुर, थाना नोआपारा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल है।

उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।

उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 1991 में मेरठ के देहली गेट थाने में लूट और डकैती के मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्ष 1992 में हत्या के प्रयास और लूट के प्रयास के मामले दर्ज किए गए। वर्ष 1997 और 2004 में आर्म्स एक्ट, वर्ष 2005 में हत्या तथा वर्ष 2006 में रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए।

इसके अलावा वर्ष 2009 में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा संख्या 357/09 धारा 147, 148, 149, 307 और 392 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। देहरादून के वसंत विहार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 80/09 में धारा 397 और 412 आईपीसी भी शामिल हैं।

संयुक्त टीम में शामिल पुलिसकर्मी

एसटीएफ की टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।

थाना वसंत विहार की ओर से थानाध्यक्ष अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह टीम में शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *