अविकल उत्तराखंड
देहरादून। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पखवाड़ेभर चला हस्ताक्षर अभियान बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित संविधान रक्षा मार्च के साथ संपन्न हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और उसकी रक्षा की प्रतिज्ञा के साथ लोकभवन की ओर कूच किया। मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
हाथों में संविधान की प्रस्तावना और संविधान रक्षा से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम से पहले कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का पाठ और संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा ली गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई मजबूती मिली है। संविधान रक्षा मार्च में उमड़ा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चल रही लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती से खड़ा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार राजनीतिक हित साधने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल कर रही है। इससे इन संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती पैदा हो रही है। सत्ता के अहंकार में जनता की आवाज दबाने और विपक्ष को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी है। कांग्रेस पार्टी संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में संविधान तथा लोकतंत्र से समझौता नहीं करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के कथित दुरुपयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता भी सरकार के कुशासन से परेशान है। कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और नागरिक अधिकारों, लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष और तेज करेगी।




