उत्तराखंड में दिसंबर-जनवरी में होगा संस्कृत फिल्मोत्सव

स्वगणना का आंकड़ा 1.33 लाख पार, 30 नवंबर तक लक्ष्य से अधिक प्राप्ति की उम्मीद

राज्यपाल से सचिव दीपक कुमार ने की चर्चा

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। सचिव, संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर स्वगणना अभियान और संस्कृत फिल्मोत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की।

सचिव ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों और नगर निगमों को स्वगणना के लिए पहले एक लाख का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य प्राप्त होने के बाद इसे संशोधित कर डेढ़ लाख से अधिक कर दिया गया है। 27 नवंबर की दोपहर तक प्रदेश में स्वगणना का आंकड़ा करीब 1.33 लाख पहुंच गया था।

गढ़वाल मंडल में चमोली और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा स्वगणना के मामले में शीर्ष पर हैं। नगर निगमों में गढ़वाल मंडल के रुड़की और कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी-काठगोदाम ने बढ़त बनाई हुई है। सचिव ने उम्मीद जताई कि शेष जिलों और नगर निगमों में भी 30 नवंबर की रात स्वगणना अभियान की समयसीमा समाप्त होने तक निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए जनगणना निदेशालय के साथ ही जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

इस दौरान सचिव ने उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार और उत्थान के लिए आगामी दिसंबर-जनवरी में संस्कृत फिल्मोत्सव आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि देश में अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक संस्कृत फिल्मों का निर्माण हो चुका है। फिल्मोत्सव के आयोजन से युवाओं में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह के आयोजन से द्वितीय राजभाषा संस्कृत को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही समाज में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सकारात्मक संदेश भी प्रसारित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *