वीर पुरिया नैथानी की मूर्ति के लोकार्पण पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

पैतृक गांव में मूर्ति स्थापना से नयी पीढ़ी को पुरिया नैथानी की जीवनी से प्रेरणा मिलेगी -राणा

वीर पुरिया नैथानी की मूर्ति व फोटो गैलरी के दर्शन किये

अविकल उत्तराखंड

नैथाणा, पौड़ी। जिले की मनियारस्यूँ पट्टी में स्थित नैथाणा गांव में वीर पुरुष पुरिया नैथानी की नवनिर्मित मूर्ति को आम जन के दर्शनार्थ खोल दिया गया है। रविवार को पुरिया नैथानी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान हाथ में तलवार लिए घोड़े में सवार पुरिया नैथानी की आदमकद प्रतिमा को आम जन के दर्शनार्थ समर्पित किया गया। स्थानीय व बाहर से आये लोगों ने पुरिया स्मारक परिसर में बनी फ़ोटो गैलरी में भी पुरिया नैथानी से जुड़े चित्रों का अवलोकन किया गया। चित्रों के जरिये पुरिया नैथानी की चतुरता, वीरता, शौर्य व पराक्रम को दर्शाया गया। नैथाना गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी, मनियारस्यूँ पट्टी के दर्जनों गांवों के ग्रामीण व अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शिरकत की।

इस दौरान महिला मंगल दल व अनेक स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस मौके पर विशेष रूप से शिरकत करने आये द्वारीखाल के क्षेत्र पंचायत प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पुरिया नैथानी सेवा ट्रस्ट की पहल पर उनके पैतृक गांव में मूर्ति स्थापना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे वर्तमान व आने वाली पीढ़ियों को पुरिया नैथानी की जीवनी से प्रेरणा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे रिवर्स पलायन की दिशा में भी युवा पीढ़ी के कदम बढ़ेंगे।

मूर्ति व स्मारक निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले ट्रस्ट के निर्मल नैथानी ने बताया कि स्मारक के निर्माण में लंदन में रहने वाले गांव के डॉ सतीश नैथानी द्वारा प्रदत्त संसाधनों से ट्रस्ट को प्रेरणा व संबल मिला। इसी को देखते हुए आज डॉ सतीश नैथानी के जन्मोत्सव पर इस मूर्ति को आम जन के लिए समर्पित किया गया।

उन्होंने बताया कि मूर्ति स्थापना पहले चरण का कार्य था। पुरिया नैथानी स्मारक को आने वाले समय मे विस्तार देते हुए अनेक कार्य प्रस्तवित हैं जिनमे कुछ का निर्माण कार्य गतिमान है। आने वाले समय में इस स्थान पर एक भव्य व विहंगम स्मारक मूर्त रूप ले लेगा। जो ऐतिहासिक पर्यटन व लोक इतिहास के प्रति जिज्ञासा रखने वाले लोगों के लिए एक नया डेस्टिनेशन होगा।

कार्यक्रम में डॉ सतीश नैथानी, पूर्व प्रधान राकेश नैथानी , प्रधान महाकान्त नैथानी, गिरीश नैथानी, कर्नल आनंद थपलियाल,नवीन नैथानी,अरुण नैथानी,नीरज नैथानी,मोबी नैथानी, के साथ ही बड़ी संख्या में पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व क्षेत्रीय महिला मंगल दल की महिलाएं मौजूद थीं। इससे पूर्व विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व इसका विधिवत लोकार्पण कर दिया गया था।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *