आपदा प्रभावित जोशीमठ की जनसभा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट हो गए रुआंसे
देखें वीडियो, अमित शाह की जनसभा से पहले भाजपा अध्यक्ष रुंधे गले से कैसे मांग रहे वोट
अविकल थपलियाल
जोशीमठ। पौड़ी लोकसभा की गंभीर चुनावी जंग में हास्य के रंग बिखर गए। मौका था जोशीमठ की चुनावी जनसभा। और बोल रहे थे प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट। यह जनसभा गृह मंत्री अमित शाह की कोटद्वार भाबर की जनसभा से ठीक पहले हुई।
इस जनसभा में महेंद्र भट्ट अपने सम्बोधन के आखिरी क्षणों में लगभग रो ही पड़े। और काफी रुआंसे होकर जनता से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को जिताने की अपील करने लगे।
कहने लगे, मेरी हाथ जोड़ के विनती है कि जोशीमठ से अनिल बलूनी को सर्वाधिक मतों से जिताना है। गला रुंध गया और भरभरायी आवाज से वोट मांग कर अपना भाषण झटके से समाप्त कर दिया।
उनके अचानक इस तरह रुआंसे होकर वोट मांगने की अपील को देख मौजूद लोग भी भौंचक रह गए। इस जनसभा में सीएम धामी भी मौजूद थे। भट्ट की बॉडी लैंग्वेज को लेकर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
गौरतलब है कि पौड़ी लोकसभा में बद्रीनाथ से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भण्डारी को तोड़ने के बाद कांग्रेस इस संसदीय क्षेत्र की 14 विधानसभाओं में एक में भी नहीं है। सभी विधायक अब भाजपा के हो गए हैं।
यही नहीं,करीब 12 हजार से अधिक विपक्षियों को भाजपा में शामिल कराने के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लाखों से जीत का दावा करते नहीं थक रहे थे।

इन बड़े बड़े दावों के बीच संगठन अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भरी चुनावी जनसभा में जोशीमठ की जनता के सामने लगभग रोते हुए याचक की तरह वोट मांगना भी बड़ा मुद्दा बन गया है।
गौरतलब है कि जोशीमठ आपदा के समय स्थानीय लोगों ने अतुल सती के नेतृत्व में प्रचंड आंदोलन किया था। उंस दौरान महेंद्र भट्ट ने आंदोलनकारियों को माओवादी तक कह डाला था…
बहरहाल, भाजपा नेता के भावुक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वॉयरल हो रहा है। सभी पांचों सीटों को जीतने और 400 पार के दावे के बीच उत्तराखण्ड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का अपनी ही विधानसभा क्षेत्र के जोशीमठ में भरभराये रुंधे गले से निकली अपील को विपक्ष ने भुनाना शुरू कर दिया है..

