आपदा प्रभावित गांव सुकई के पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित

15 योजनाओं पर शीघ्र शुरू होगा काम- महाराज

अविकल उत्तराखंड

पौड़ी। विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के तहसील बीरोंखाल के अन्तर्गत ग्राम सुकई में गत माह आयी आपदा से प्रभावित परिवारों को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने राहत सामग्री का वितरण किया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम सुकई में 22 मई को आयी आपदा से कई परिवार प्रभावित हुए थे। उस समय क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने तुरंत एक्शन लेते हुए 24 घंटे से भी कम समय में पीडब्ल्यूडी एवं एनएच के मार्गों को खुलवा कर यातायात शुरू करवाया था।

उन्होंने सुकई के 30 प्रभावित परिवारों को मानक के अनुसार तात्कालिक मदद उपलब्ध करवाने के अलावा कुण्जोली में पीड़ित भगत सिंह को गृह अनुदान धनराशि के रूप में ग्यारह हजार पांच सौ एवं आनन्द सिंह को छह हजार रुपए की धनराशि भी दिलवाई।

गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और उनके पुत्र भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत ने सुकई पहुंच कर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण कर विभागीय अधिकारियों को प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।

महाराज ने बताया कि सुकई गांव की लघुडाल खंड द्वारा पंपिंग सिंचाई योजना के पाइप से गांव के ऊपर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की मांग थी ताकि उस पानी का उपयोग पीने के लिए किया जा सके। इस योजना के मूल स्रोत पर नदी के किनारे विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर से पुलिया निर्माण स्नानागार, पुस्ता, संपर्क मार्ग, चैकडैम और सीसी मार्ग सहित 15 योजनाओं के प्रकरण दैवीय आपदा से स्वीकृति हेतु गतिमान हैं।

राहत सामग्री वितरण के दौरान महाराज के साथ उनके पुत्र भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमपाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती संध्या देवी, सुकई के प्रधान संदीप सिंह नेगी, तहसीलदार आनंद पाल, विकासखंड अधिकारी जयपाल सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *