नगर निगम मेयर में भाजपा का दबदबा ,कांग्रेस शून्य

ऋषिकेश में शम्भू पास, मास्टर जी फेल

ऋषिकेश में 2027 के लिए मतदाता लिख गए नई इबारत

देखें,नगर निगम मेयर चुनाव परिणाम

मंत्री प्रेम के सामने नये बने राजनीतिक तिलिस्म को तोड़ना मुख्य चुनौती

अविकल थपलियाल

देहरादून। प्रदेश की नगर निगम मेयर सीट पर भाजपा का दबदबा रहा। श्रीनगर को छोड़कर अन्य 10 नगर निगम में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। देहरादून में भाजपा के सौरभ थपलियाल की बड़े अंतर से जीत तय हो गयी है। आज दोपहर तक दून मेयर का चुनाव परिणाम घोषित हो जाएगा

सबसे प्रतिष्ठा व मीडिया में सर्वाधिक चर्चा के केंद्र में रही ऋषिकेश नगर निगम में भाजपा के शम्भू पासवान ने निर्दलीय दिनेश चंद्र मास्टर जी को 3018 मतों के अंतर से हरा दिया।

पासवान को 23998 मत मिले। जबकि दिनेश चंद्र मास्टर जी कोब20980 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जाटव 11955 मतों के साथ तीसरे नंबर पर रहे।

शनिवार की देर रात तक चली मतगणना के दौरान कई बार तनाव की स्थिति देखने को मिली। ऋषिकेश नगर निगम मतगणना स्थल आईडीपीएल के मैदान में देर रात एकत्रित भीड़ पर लाठियां भी भांजी गयी।

उल्लेखनीय है कि ऋषिकेश नगर निगम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। निर्दलीय मास्टर जी के बढ़ते समर्थन से भाजपा खेमे में हलचल मच गई थी।

भाजपा ने अंतिम दौर में सीएम धामी व मंत्रियों की जनसभाएं करवा कर क्षेत्रवाद व जातिवाद से ऊपर उठकर बिहार के शम्भू पासवान को विजयी बनाने की अपील की।

ऋषिकेश नगर निगम चुनाव में कैबिनेट मंत्री के पुत्र से जुड़े एक रिसॉर्ट में संरक्षित पेड़ कटान के मामले ने भी जोर पकड़ा था। इस मुद्दे पर वन विभाग ने मुकदमा भी दर्ज किया।

ऋषिकेश में कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। मास्टर जी का जादू मतदाताओं के सिर और चढ़कर बोला। लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने भी धर्मदाद लगाकर मतदाताओं को विशेष सन्देश दिया।

पहाड़ी बनाम बाहरी के चुनाव में जीत भाजपा की हुई। भाजपा की यह जीत मंत्री अग्रवाल के लिए काफी सुकून भरी मानी जा रही है। हालांकि, 2027 के विधानसभा चुनाव में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल को नयी राजनीतिक समीकरणों से भी पार पाना होगा।

अन्य नगर निगम चुनाव परिणाम

देहरादून नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल की बड़े अंतर से जीत तय

कोटद्वार नगर निगम चुनाव में भाजपा के शैलेन्द्र रावत ने कांग्रेस की रंजना रावत को पन्द्रह हजार मतों के अंतर से हरा दिया।

श्रीनगर में निर्दलीय आरती भंडारी ने भाजपा की आशा उपाध्याय को हराया

हल्द्वानी में भाजपा के गजराज ने कांग्रेस के ललित जोशी को 3162 मतों के अंतर से हराया

रुद्रपुर नगर निगम में भाजपा के विकास शर्मा ने कांग्रेस के मोहन खेड़ा को 12921 मतों के अंतर से हराया

काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली विजयी

अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा ने 2573 मतों के अंतर से जीत हासिल की

पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल ने निर्दलीय मोनिका महर को मात्र 17 मतों के अंतर से हराया

हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल विजयी

रुड़की से भाजपा की अनीता देवी ने जीत हासिल की

कोटद्वार नगर निगम चुनाव परिणाम

भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत – 38175

कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत- 23944

निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्रपाल सिंह रावत- 8059

उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रावत – 1263

निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल – 426

बसपा के प्रत्याशी महेश नेगी को 806 वोट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *