संस्कृत साहित्य में छाया है हिमालय का गौरव- प्रो त्रिपाठी

अविकल उत्तराखंड 

नैनीताल। संस्कृत के प्रख्यात विद्वान प्रो राधा बल्लभ त्रिपाठी ने कहा है कि संस्कृत के सबसे प्राचीन ग्रंथ ऋगवेद से लेकर महाभारत, कालिदास की रचनाओं में हिमालय का भूगोल, इसकी प्राकृतिक संपदा, यहां के निवासियों, नदियों, वन्यजीवों का भरपूर वर्णन मिलता है। आज भले ही उन प्राचीन नामों को खोज पाना आसान नहीं है। लेकिन हिमालय को लेकर वैदिककाल से चला आ रहा आकर्षण आज भी बरकरार है।

प्रो त्रिपाठी आज यहां पहाड़ की ओर से आयोजित सोलहवें राहुल सांकृत्यायन व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। संस्कृति साहित्य हिमालय विषय पर लोगों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए प्रो त्रिपाठी ने कहा कि, ऋगवेद और अथर्ववेद में हिमालय को हिमवंत कहा गया है। वैदिक इंडेक्स के लेखक मैक्डानाल्ड ने कहा है कि, हिमवंत शब्द का इस्तेमाल बर्फ से ढके पहाड़ों के लिए किया गया है। आर्य लोग इन्हीं पहाड़ों के आसपास रहते थे। आर्य प्रकृतिपूजक थे। इसलिए उन्होंने बर्फ से ढके पर्वतों को देवता माना।

प्रो त्रिपाठी ने कहा कि, वेदों में गंगा, यमुना के अलावा सरस्वती नदी के अदभुत सौन्दर्य का वर्णन मिलता है। हिमालय में कभी समुद्र होने का वर्णन भी वेदों और ग्रंथों में मिलता है, जिनमें कहा गया है कि, कुछ पर्वत समुद्र मेें डूब गए थे।
संस्कृत साहित्य में वर्णित हिमालय क्षेत्र के नामों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि, संस्कृत साहित्य में वर्णित पर्वत गंधमादन संभवतः चमोली जिले में स्थित फूलों की घाटी थी। महाभारत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, अर्जुन ने शिव को प्रसन्न करने के लिए हिमालय के इन्द्रकील पर्वत पर तप किया था। बदरिकाश्रम का उल्लेख करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि, वहां पर कई यज्ञशालाएं, सुंदर सरोवर, बेहिचक विचरण करते वन्यजीवों का वर्णन मिलता है।

प्रो त्रिपाठी ने कहा कि, कालिदास ने तो अपने पांच ग्रंथों में हिमालय की नैसर्गिकता, देवत्व, स्थानीय निवासियों, पशु-पक्षियों, घने जंगलों, नदियों का व्यापाक वर्णन किया है। महाभारत में यहां के निवासियों के कठिन जीवन का वर्णन करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि, पांडवों के महल के लिए जब हिमालय से स्फटिक पत्थर ले जाए गए तो युधिष्ठर के सामने इसका विरोध भी किया गया।

हिमालय में युद्ध, यहां की औषधियां, विशिष्ट फूल और एक आठ पैर वाले वन्यजीव का जिक्र संस्कृत साहित्य में मिलता है। जो संभवतः बाद में विलुप्त होे गया।
इससे पूर्व प्रो गिरिजा पांडे ने पहाड़ की ओर से आयोजित किए जाने वाले राहुल सांकृत्यायन व्याख्यान का परिचय दिया। प्रो माया शुक्ला ने प्रो राधा बल्लभ त्रिपाठी का परिचय दिया। जबकि, डॉ बीआर पंत ने सभी का आभार जताया।

प्रो त्रिपाठी का परिचय
प्रो. राधावल्लभ त्रिपाठी संस्कृत को आधुनिकता के साथ जोड़ कर देखने वाले देश में संस्कृत के वरिष्ठतम आचार्यों और विद्वानों में से एक हैं। संस्कृत भाषा के प्रतिष्ठित साहित्यकार के रूप में जाने जाने वाले प्रो त्रिपाठी साठ के दशक से निरंतर संस्कृत साहित्य में शोध कर रहे हैं। प्रोफेसर त्रिपाठी शिल्पकार्न विश्वविद्यालय,बैंकॉक एवं कोलंबिया विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क में संस्कृत के विजिटिंग प्रोफेसर और राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान, नई दिल्ली के कुलपति भी रहे हैं।

साहित्यिक-सांस्कृतिक योगदान के लिए प्रो.राधावल्लभ त्रिपाठी को 1994 में उनके कविता-संग्रह ‘संधानम’ के लिये साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त आपको बिरला फ़ाउंडेशन के ‘शंकर पुरस्कार, 2016 में ‘पंडित राज सम्मान’, मीरा सम्मान सहित विगत वर्षों में अनेक संस्थाओं एवं अकादमियों द्वारा विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

अब तक प्रो. त्रिपाठी की सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है जिनमें ‘संस्कृत कविता की लोकधर्मी परम्परा’,‘काव्यशास्त्र और काव्य’,‘लेक्चर्स ऑन नाट्यशास्त्र विश्वकोश’ (चार खंड) आदि विशेष चर्चित रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *