सुभाष सिंह बिष्ट- समीक्षा अधिकारी परीक्षा में प्रदेश टॉपर

गाँव से सचिवालय तक का प्रेरणादायक सफर

अविकल उत्तराखंड

अल्मोड़ा। जिले के तल्ली नाली गाँव के सुभाष सिंह बिष्ट, पुत्र दीवान सिंह बिष्ट, ने हाल ही में घोषित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आर.ओ./ए.आर.ओ.) परीक्षा में पूरे उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब वे उत्तराखंड सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएँ देंगे। वर्तमान में वे उच्च शिक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं।

साधारण पृष्ठभूमि, असाधारण उपलब्धि

सुभाष एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उनकी माँ शिक्षित नहीं हैं, और उनके पिता नियमित रोजगार में संलग्न नहीं हैं। इसके बावजूद, उन्होंने सरकारी विद्यालयों में हिंदी माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया। वे अपने गाँव से अधिकारी स्तर की परीक्षा पास करने वाले पहले व्यक्ति बने हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है।

परिवार और समाज का आभार

सुभाष ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता दीवान सिंह बिष्ट को दिया, जिन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने अपने परिवार, गुरुओं और सहयोगियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उनकी सफलता पर उनके बड़े भाई हवलदार सुनील सिंह, गोकुल सिंह, बीडीसी सदस्य नवीन चन्द्र दुर्गापाल, अध्यापक बिरेन्द्र कुमार बिष्ट, पूरन चन्द्र जोशी, भूतपूर्व सैनिक रूप सिंह बिष्ट, लाल सिंह बिष्ट सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की है।

कार्यस्थल पर भी खुशी की लहर

जहाँ सुभाष वर्तमान में कार्यरत हैं, वहाँ भी इस उपलब्धि पर हर्ष का माहौल है। उच्च शिक्षा देहरादून के संयुक्त निदेशक ए.एस. उनियाल, उप निदेशक ममता नैथानी, विधि प्रभारी डॉ. बिपिन चन्द्र चौबे, डॉ. हरीश चन्द्र अन्डोला (दून विश्वविद्यालय) और अन्य सहयोगियों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

सुभाष सिंह बिष्ट की यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी कहानी दिखाती है कि सच्ची मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *