चकराता में आचार्य प्राथमिक प्रशिक्षण वर्ग समापन समारोह सम्पन्न 

एकल शिक्षा अभियान: ग्रामीण शिक्षा में नया आयाम

 एकल शिक्षा अभियान के तहत उत्तराखंड के सुदूर गांवों में उत्कृष्ट कार्य – विदुषी निशंक

अविकल उत्तराखंड

चकराता। माख्टी पोखरी गांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित दस दिवसीय आचार्य प्राथमिक प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अधिवक्ता एवं सनराइज एकेडमी की अध्यक्ष, स्पर्श हिमालय फाउंडेशन की निदेशक तथा कुसुम कांता फाउंडेशन की अध्यक्ष विदुषी निशंक ने कहा कि भारत शिक्षा लोक परिषद देशभर के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को शिक्षा के लिए प्रशिक्षित कर सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सनातन संस्कृति पर गर्व होना चाहिए और इस अभियान के माध्यम से न केवल संस्कृति का संरक्षण हो रहा है बल्कि वैज्ञानिक चेतना का भी विकास किया जा रहा है, जिससे भारत को विश्वगुरु बनने में सहायता मिलेगी।

विज्ञान और शिक्षा का समन्वय

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, यूकॉस्ट के प्रबंधक जनसंपर्क अमित पोखरियाल ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाज में वैज्ञानिक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, सनराइज एकेडमी की प्रबंध निदेशक एवं मंथन वेलफेयर सोसाइटी की सचिव पूजा पोखरियाल ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे समाज में आगे बढ़ने के लिए अनिवार्य बताया।

दस दिवसीय प्रशिक्षण में चकराता, सहिया और कोटि कनासर से 30 महिला आचार्यों ने भाग लिया। प्रत्येक गांव से एक शिक्षित महिला को इन केंद्रों को संचालित करने के लिए चयनित किया जाता है। ये महिलाएं बच्चों को संस्कारों के साथ बौद्धिक एवं शारीरिक शिक्षा प्रदान करती हैं।

एकल अभियान के संच प्रभारी कुंदन सिंह चौहान ने बताया कि एकल अभियान उन बच्चों को बुनियादी, शारीरिक और बौद्धिक शिक्षा प्रदान करता है, जिनके माता-पिता उन्हें अच्छे स्कूलों में पढ़ाने में असमर्थ हैं। इसके अलावा, अभियान के तहत किसानों को जैविक खेती, जागरूकता शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा और ग्रामोत्थान शिक्षा की जानकारी दी जाती है। पूरे देश में एक लाख से अधिक गांवों में संस्कार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जा सके।

समापन समारोह में प्रमुख रूप से सत्यवीर सिंह चौहान (प्रवक्ता), पूर्व प्रधान रणवीर सिंह चौहान एवं कार्यक्रम अध्यक्ष अमर सिंह चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एकल अभियान के कार्यकर्ता विशन सिंह (अभियान प्रमुख), महावीर सिंह (शारीरिक प्रमुख) और पिंकी शर्मा (संच प्रमुख, अंचल अट्टाल) सहित अन्य सदस्य भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *