भाजपा राज में महिलाएं असुरक्षित

कांग्रेस चलाएगी “भाजपाई दुराचारियों से बेटी बचाओ” अभियान

महिला अपराधों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले स्थान पर

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा शासन में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या जैसे अपराधों में प्रदेश में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है।
महिला अपराधों के मामले में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले स्थान पर आ गया है, जो बेहद चिंताजनक है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि भाजपा के कई पदाधिकारियों और दायित्वधारियों के नाम महिला अपराधों में सामने आ रहे हैं, लेकिन पार्टी की ओर से इन मामलों में आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में “भाजपाई दुराचारियों से बेटी बचाओ अभियान” चलाएगी।

धस्माना ने हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष द्वारा अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ कथित दुराचार करवाने के मामले की विस्तृत जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित द्वाराहाट, रुद्रपुर, बहादराबाद, लालकुआं और अल्मोड़ा जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में भारी अंतर है और अब समय आ गया है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए। पत्रकार वार्ता में डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सरदार अमरजीत सिंह, डॉ. प्रतिमा सिंह और दिनेश कौशल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *