कांग्रेसजन पंचायत चुनाव को संगठन विस्तार का उत्सव मानकर लड़ें-कांग्रेस
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के 12 जिलों (हरिद्वार को छोड़कर) में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाने के फैसले का प्रदेश कांग्रेस ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी एवं मुख्य मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे इस चुनाव को संगठन विस्तार के उत्सव की तरह लें और पूरी गंभीरता के साथ जुट जाएं।
महर्षि ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा तथा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इसे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से पंचायती राज व्यवस्था को सरकार ने ठप कर रखा था। ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक प्रतिनिधित्वहीन व्यवस्था बना दी गई थी। कभी अफसरों को प्रशासक बनाया गया तो कभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ही प्रशासकीय जिम्मेदारी दी गई। हाल ही में सरकार ने एक बार फिर पंचायतों को नौकरशाही के हवाले कर दिया था। उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद अब चुनाव की घोषणा हुई है, जिसका पार्टी कार्यकर्ताओं को भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
महर्षि ने कहा कि महात्मा गांधी के ‘ग्राम स्वराज’ और राजीव गांधी द्वारा लागू पंचायती राज व्यवस्था ने लोकतंत्र की जड़ें गांव-गांव तक मजबूत की हैं। आज जरूरत है कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक कांग्रेस के समर्थक बड़ी संख्या में चुनाव लड़ें और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने इस चुनाव को वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास बताया और कहा कि इसकी पृष्ठभूमि आगामी जनादेश का आधार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य स्वयं अधिकृत प्रत्याशियों को समर्थन देने जिलों का दौरा करेंगे। ग्राम स्तर पर कार्यकर्ताओं के पास यह अवसर है कि वे अपनी राजनीतिक दृष्टि और विचारधारा की श्रेष्ठता सिद्ध करें। इसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।

