उत्तराखंड कांग्रेस नेता को बिहार में मिली अहम ज़िम्मेदारी
अविकल उत्तराखंड
ऋषिकेश/देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के नेता जयेन्द्र रमोला को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए ऑब्ज़र्वर नियुक्त किया है। संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र में यह जानकारी दी गई है, जिसमें बताया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की संस्तुति पर यह नियुक्ति की गई है।
पूर्व में ऋषिकेश विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके रमोला ने कहा कि संगठन ने एक साधारण कार्यकर्ता को बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जो भी निर्देश दिए जाएंगे, उनके अनुसार कार्य किया जाएगा।
रमोला ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए दावा किया कि बिहार में इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और भाजपा-नीतीश सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी।
उनकी इस नियुक्ति पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रसन्नता देखी गई।

