हेल्पिंग हैंड में हुआ मुफ्त इलाज
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। जिला प्रशासन की मदद से हेल्पिंग हैंड हॉस्पिटल में असहाय राजू का जले हुए हाथ का सफल ऑपरेशन कर दिया गया। अब वह स्वस्थ है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर प्रशासन की टीम रोज अस्पताल जाकर उसका हालचाल ले रही है और उसके पुनर्वास की तैयारी भी की जा रही है। डीएम ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया।
बीते दिन एक असहाय मजदूर राजू, जो चमोली का रहने वाला है और होटल में काम करता है, कलेक्ट्रेट पहुंचा। उसका हाथ गर्म पानी से बुरी तरह झुलस गया था। उसने रुंधे गले से जिलाधिकारी से कहा —
‘‘साहब, मेरा कोई नहीं है, अस्पताल में कोई सुन नहीं रहा। हाथ में बहुत दर्द है, इलाज करवा दीजिए, मेरे पास पैसे नहीं हैं।’’

राजू की व्यथा सुनकर जिलाधिकारी ने तुरंत सहस्रधारा रोड स्थित हेल्पिंग हैंड हॉस्पिटल के बर्न स्पेशलिस्ट डॉ. कुश से बात की और इलाज का अनुरोध किया। डॉक्टर ने राजू को तुरंत बुलाया। जिला प्रशासन ने सारथी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका मुफ्त ऑपरेशन हुआ और इलाज जारी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसे जरूरतमंदों की मदद की जाए। राजू के पुनर्वास के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

