गवर्नर साहब! मंत्री के घोटालों की गूंज क्यों नहीं सुनाई दे रही- मोर्चा

नगर निगम भूमि खरीद घोटाले के मास्टरमाइंड पर राजभवन की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण: नेगी

कैबिनेट मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग

अविकल उत्तराखंड

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री गणेश जोशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रदेश में लगातार घोटालों को अंजाम देकर सरकार और प्रदेश की छवि धूमिल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्री के काले कारनामों के बावजूद राजभवन चुप बैठा है, मानो उसे जनता की आवाज सुनाई ही नहीं दे रही। उन्होंने मांग की कि ऐसे भ्रष्ट मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।

नेगी ने आरोप लगाया कि नगर निगम भूमि खरीद घोटाले में मंत्री ने मास्टरमाइंड की भूमिका निभाई। उनके दबाव में अधिकारियों ने सरकार को 40 करोड़ रुपये की चपत लगाने की साजिश रची, लेकिन राजभवन ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने कटाक्ष किया कि राजभवन अब केवल ‘ऐशगाह’ बनकर रह गया है, जिसका जनता से कोई सरोकार नहीं दिखता।

मोर्चा अध्यक्ष ने मंत्री पर कई अन्य घोटालों का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने पहले उद्यान निदेशक बवेजा को सीबीआई जांच से बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल करवाई।

इसके बाद कृषि मित्र मेला, तराई बीज निगम की परिसंपत्तियों की नीलामी, जैविक खेती और सैन्य धाम निर्माण में अनियमितताओं की पटकथा लिखी। विदेश दौरों में लाखों रुपये फूंकने और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप भी मंत्री पर हैं।

नेगी ने कहा कि पिछले 5–7 वर्षों में मंत्री ने अपने परिजनों व गुर्गों के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति खड़ी की है। हाल ही में उच्च न्यायालय ने भी मंत्री को नोटिस जारी किया है, इसके बावजूद सरकार ने इन्हें अभयदान दे रखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति 15–20 साल पहले आर्थिक तंगी में था, वह अचानक करोड़ों का मालिक कैसे बन गया?

नेगी ने यह भी कहा कि देहरादून और आसपास बने मॉल, अपार्टमेंट और व्यावसायिक इमारतों में से कितने मंत्री के परिजनों व गुर्गों के नाम पर हैं, इसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजभवन की उदासीनता और गैरजिम्मेदाराना रवैया प्रदेश को गर्त में धकेल रहा है। मोर्चा ने राजभवन के रवैये पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस पर अब चुप्पी तोड़नी होगी।

पत्रकार वार्ता में मोर्चा के भीम सिंह बिष्ट और अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *