राज्यपाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

अधिकारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को देहरादून जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने 15 और 16 सितंबर को हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया और राहत व पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

राज्यपाल ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी श्री सविन बंसल से आपदा की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने बताया कि जैसे ही आपदा की सूचना मिली, प्रशासन ने तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव कार्य शुरू कर दिए। उन्होंने दूरस्थ इलाकों सहित अन्य प्रभावित जगहों पर किए जा रहे राहत कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

राज्यपाल ने डीएम और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने कम समय में प्रभावित लोगों तक पहुँचकर मदद की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ इलाकों तक पहुँचकर लोगों को भरोसा दिलाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से सीख लेकर भविष्य के लिए बेहतर योजना बनानी होगी। इसके साथ ही राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्देश दिया।

राज्यपाल ने इसके बाद नन्दा की चौकी में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया और वहां अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग तीन से चार दिनों में तैयार कर लिया जाएगा, जबकि पुल के पूर्ण पुनर्निर्माण में कुछ समय लगेगा। उन्होंने आवागमन को शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने इस दौरान राज्यपाल से भेंट कर अपनी परेशानियों से अवगत कराया।

राज्यपाल ने बाद में टपकेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुजारियों और स्थानीय लोगों से नुकसान की जानकारी ली और जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, के. के. मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *