दशहरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा -सीएम

दशहरा महोत्सव व रावण दहन कार्यक्रम में हुए शामिल

विजयदशमी पर दी शुभकामनाएं, कहा – तीसरा दशक होगा उत्तराखंड का दशक

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादुन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयदशमी पर्व के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव व रावण दहन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान राम से सभी के लिए स्वस्थ, समृद्ध और उज्ज्वल जीवन की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दशहरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा है, जो अधर्म और अहंकार पर धर्म और सत्य की विजय का संदेश देता है। यह पर्व हमें आत्मचिंतन करने और अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से संकल्प लिया था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसे साकार करने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड की है। शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्रों में जनता के सहयोग से प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के हालिया जीएसटी निर्णय से व्यापारियों और उपभोक्ताओं को दीपावली से पहले बड़ा तोहफा मिला है। इससे न केवल व्यापार को मजबूती मिलेगी बल्कि उपभोक्ताओं को भी लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रभु राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड को आत्मनिर्भर राज्य और देश को आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में प्रदेशवासी मिलकर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


युवाओं, भ्रष्टाचार और जिहाद के खिलाफ कड़े कदम – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विजयदशमी के अवसर पर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हिंदू नेशनल स्कूल, देहरादून में आयोजित दशहरा महोत्सव व रावण दहन में सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमें सिखाता है कि असत्य कितना भी बलवान क्यों न हो, उसकी पराजय निश्चित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हमारे युग का सबसे बड़ा सांस्कृतिक गौरव है। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदेश से लैंड जिहाद, लव जिहाद, धर्मांतरण जिहाद सहित अन्य बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। दंगारोधी कानून लागू कर दंगाइयों की संपत्ति जब्त की जा रही है।

सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा हेतु प्रदेश में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। हाल ही में हुई परीक्षा गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जांच के लिए SIT व CBI जाँच की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि सरकार ने राज्य में मदरसा बोर्ड समाप्त करने का निर्णय लिया है। 1 जुलाई 2026 के बाद केवल वही मदरसे संचालित होंगे जिनमें सरकारी बोर्ड द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा।

भ्रष्टाचार रूपी रावण का अंत कर उत्तराखंड को बनाएंगे अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार भ्रष्टाचार रूपी रावण के अंत हेतु ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रभु राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का विकल्प रहित संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री ने जनता से सत्य, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *