नागरिक कल्याण समिति और उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से किया आयोजन
अविकल उत्तराखंड
पौड़ी। पत्रकारिता के मौन साधक और नागरिक मंच पौड़ी के संस्थापक स्व. ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर नागरिक कल्याण समिति पौड़ी एवं स्व. उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट द्वारा संयुक्त श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे ललित मोहन कोठियाल स्मृति वन वाटिका में वृक्षारोपण और सफाई अभियान से हुई। दोनों संस्थाओं के प्रयासों से शहर के मध्य स्थित इस वाटिका में देवदार, बांज और फलदार वृक्षों की मिश्रित हरियाली विकसित की गई है। जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
दोपहर 1 बजे डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित सादे समारोह में स्व. कोठियाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान मनोज दुर्बी और यमुना राम ने छात्रों से संवाद कर अपने अनुभव मनोरंजक शैली में साझा किए।
नागरिक मंच पौड़ी द्वारा नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों और रंगमंच के माध्यम से पौड़ी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने हेतु नवांकुर नाट्य समूह के रंगकर्मी, लेखक एवं निर्देशक यमुना राम, तथा नगर के प्रसिद्ध संस्कृति कर्मी, गीतकार, गायक एवं संगीतकार मनोज रावत ‘अंजुल’ को स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मंच के सहयोगी सदस्य भगवान सिंह, गबर सिंह और साहसिक पर्यटक प्रशांत नेगी को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मनोज रावत ‘अंजुल’ ने पलायन विषय पर अपनी ही रचना को गीत के रूप में प्रस्तुत किया, जबकि नवांकुर नाट्य समूह के कलाकारों ने भी एक गीत से समां बांधा।
ट्रस्ट के सचिव नरेश नौड़ियाल ने स्वागत संबोधन में स्व. ललित मोहन कोठियाल के पत्रकारिता, समाजसेवा और कृषि सुधारों से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि सभा में प्रशांत नेगी और जगमोहन डांगी ने भी अपने विचार रखे और सभी वक्ताओं ने उनके जनसरोकार वाले कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध पत्रकार एवं यूएनआई के पूर्व संपादक सुरेश नौटियाल ने की तथा संचालन आशीष नेगी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर इस अवसर पर छात्र-छात्राओं सहित नगर के गणमान्य नागरिक मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, सचिव गबर सिंह नेगी, झबर सिंह रावत, ठाकुर सिंह नेगी, पुष्कर सिंह, पद्मेन्द्र सिंह, प्रशांत नेगी, मकान सिंह, भगवान सिंह, विमल नैथानी, भूपेंद्र सिंह रावत के अलावा ट्रस्ट के अध्यक्ष विमल चन्द्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह रावत, सिद्धबली बिष्ट,नवांकुर के पारस, सुधांशु नौड़ियाल तनुप्रिया थपलियाल,और साथी तथा विद्यालय के अध्यापकों सहित मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

