उत्तराखंड एससी-एसटी एम्प्लॉइज फेडरेशन का प्रांतीय अधिवेशन दो फरवरी को

प्रदेश भर में चलेगा सदस्यता अभियान

खाली पदों पर सुनिश्चित होगा एसटी वर्ग का प्रतिनिधित्व

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड एससी-एसटी एम्प्लॉइज फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र सिंह बुटोइया ने दो फरवरी को प्रांतीय अधिवेशन आयोजित करने की घोषणा की है।

डॉ. बुटोइया ने बताया कि फेडरेशन की ऑनलाइन गूगल मीट बैठक में संगठन के संचालन और अधिवेशन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि अधिवेशन तक संगठन के सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जाएंगे तथा नियमावली के अनुरूप संगठन के रिक्त पदों पर एसटी वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए पदाधिकारियों का मनोनयन किया जाएगा।

प्रदेश भर में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। जिन जनपदों में जिला कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, वहां शीघ्र ही पुनर्गठन किया जाएगा। फेडरेशन की ओर से पूर्व में राज्य सरकार को सौंपे गए मांगपत्र को पुनः प्रस्तुत किया जाएगा तथा भारत सरकार से भी इस संबंध में पत्राचार किया जाएगा।

फेडरेशन ने रखीं प्रमुख मांगें और घोषित की नई कार्यकारिणी

नामित महासचिव (वित्त) रघुवीर सिंह तोमर ने बताया कि फेडरेशन की प्रमुख मांगों में शामिल हैं—

पदोन्नति में आरक्षण विषयक इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट विधानसभा में प्रस्तुत कर अधिनियम बनाया जाए।

ओबीसी वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण दिया जाए।

बैकलॉग रिक्तियों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाए।

आउटसोर्सिंग, संविदा एवं उपनल कर्मियों के नियमितीकरण से पूर्व आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित किया जाए।

सफाई कर्मी एवं चतुर्थ श्रेणी की नियमित नियुक्तियों की विज्ञप्ति सभी विभागों में तत्काल जारी की जाए।

सभी राजकीय व निजी क्षेत्र के कार्मिकों हेतु सेवा शर्तों का अधिनियम बनाया जाए।

राज्य की सभी तहसीलों में एससी-एसटी कार्मिकों हेतु शिकायत निवारण समिति का गठन किया जाए।

देहरादून में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

समाज कल्याण विभाग की ऑनलाइन छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए तथा आश्रम पद्धति हाई स्कूलों को इंटर कॉलेज तक उन्नत किया जाए।

आरक्षित वर्ग के कार्मिक संगठनों को शासन से मान्यता प्रदान की जाए।

कार्यकारिणी विस्तार में प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार (हरिद्वार), महासचिव (वित्त) रघुवीर सिंह तोमर, उपकोषाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार, सचिव प्रमोद कुमार चौधरी एवं गोविंद कोंडल, संयुक्त सचिव दिनेश धीमान और भजनलाल शाह को मनोनीत किया गया है।
सचिव (प्रचार-प्रसार) शशिपाल चौहान और मनोहर लाल होंगे। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विनोद कुमार, ज्ञानचंद, सुनीता कपरवाल और दिनेश टम्टा को शामिल किया गया है।

प्रांतीय संरक्षक के रूप में करमराम, मदन कुमार शिल्पकार, रणवीर सिंह तोमर और पूर्व न्यायाधीश चिरंजी लाल को नामित किया गया है। सलाहकार मंडल में डॉ. सोहनलाल, डॉ. संजय भाटिया, भारत भूषण शाह, राजवीर सिंह और विशाल बिरला शामिल हैं।
बैठक में धन्यवाद ज्ञापन केसर सिंह राय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *