देशभर से 1500 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
भगवान बिरसा मुंडा नगर में तीन दिवसीय अधिवेशन; रानी अब्बक्का कलश यात्रा और बिरसा संदेश यात्रा रहेंगी मुख्य आकर्षण
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का 71वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 28 से 30 नवंबर तक देहरादून के परेड ग्राउंड में अस्थाई रूप से स्थापित ‘भगवान बिरसा मुंडा नगर’ में आयोजित होगा।
इस तीन दिवसीय अधिवेशन में देशभर से 1500 से अधिक प्रतिनिधि—जिनमें विद्यार्थी, शिक्षक, शिक्षाविद, पूर्णकालिक कार्यकर्ता और प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ पदाधिकारी भाग लेंगे।
अधिवेशन में विभिन्न कार्यक्रमों, सत्रों एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य सभागार का नाम भारत के वीर सपूत एवं भारतीय सेना के प्रथम सीडीएस, स्व. जनरल बिपिन रावत के सम्मान में रखा गया है।
अधिवेशन से पूर्व तीन महत्वपूर्ण यात्राएँ—भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर बिरसा संदेश यात्रा (झारखंड, उलिहातु से), रानी अब्बक्का की 500वीं जयंती पर रानी अब्बक्का कलश यात्रा (कर्नाटक) और गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस पर गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, दिल्ली से पवित्र जल—अधिवेशन परिसर तक पहुंचेंगी।
अधिवेशन का शुभारंभ 28 नवंबर को होगा। उद्घाटन सत्र में इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ मुख्य अतिथि होंगे।
प्रा. यशवंतराव केलकर स्मृति युवा पुरस्कार समारोह का भी आयोजन होगा, जिसमें समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले गोरखपुर निवासी श्री श्रीकृष्ण पाण्डेय को सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
अधिवेशन के दौरान शिक्षा, समाज, पर्यावरण, सेवा, खेल एवं तकनीकी जैसे समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा होगी तथा प्रस्ताव समिति द्वारा देशभर से प्राप्त सुझावों पर विचार कर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
अधिवेशन का प्रमुख आकर्षण ‘महारानी अब्बक्का प्रदर्शनी’ होगी, जिसमें अभाविप के विचार-वृक्ष, संगठन के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय अभियान, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, सांस्कृतिक पुनर्जागरण की विभूतियाँ तथा विशेष रूप से रानी अब्बक्का के पराक्रम को प्रदर्शित किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन आचार्य बालकृष्ण द्वारा किया जाएगा।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित हो रहा यह राष्ट्रीय अधिवेशन विशेष महत्व रखता है। सैकड़ों कार्यकर्ता अधिवेशन की तैयारी में जुटे हैं और देशभर से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल करेगा तथा यहां से प्राप्त चिंतन–मनन राष्ट्र एवं छात्रहित के कार्यों को नई दिशा देगा।

