ऋषिकुलम गुरुकुल विद्यापीठ, गुरुग्राम का दौरा
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड सरकार के सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने ऋषिकुलम गुरुकुल विद्यापीठ, गुरुग्राम का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने गुरुकुल के छात्रों से मुलाकात कर उनकी प्रतिभा का अवलोकन किया।
दौरे के दौरान छात्रों ने प्रज्ञा चक्षु, मलखंब, मंत्र उच्चारण सहित विभिन्न प्राचीन एवं पवित्र परंपराओं का प्रदर्शन किया, जिससे सचिव काफी प्रभावित हुए। उन्होंने इन परंपराओं को पूरे भारत में बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सचिव ने छात्रों को संस्कृत विषय के साथ प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि संस्कृत अध्ययन के साथ भी आईएएस अधिकारी बनने की संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी पारंपरिक विधाओं को इस स्तर तक विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे उन्हें देश और विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने प्रज्ञा चक्षु एवं स्पर्श चिकित्सा जैसी संस्कृत की गूढ़ धरोहरों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए मंत्र चिकित्सा जैसे विषयों पर शोध कार्य बढ़ाने के लिए अध्यापकों और छात्रों को प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के संस्कृत विश्वविद्यालय एवं संस्कृत संस्थान के साथ इन विद्याओं को आगे बढ़ाने के लिए एमओयू करने पर भी चर्चा की गई।
इससे पूर्व गुरुकुल के अधिकारियों और छात्रों ने सचिव का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। सचिव ने गुरुकुल के आचार्य एवं संचालक को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

