दो सगे भाइयों ने की कर्नल के पुत्र की सरेआम हत्या

मुठभेड़ में हत्यारों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

करोड़ों के लेन देन के खेल में सफेदपोश भी शामिल ?

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। स्थानीय पुलिस ने अर्जुन शर्मा के हत्यारों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हत्यारे पंकज राणा और राजीव राणा सगे भाई हैं। और दून के चखुवाला में रहते हैं। 11 फरवरी, बुधवार को दोनों भाइयों ने सुबह दस बजे अर्जुन की परेड ग्राउंड के निकट हत्या कर दहशत मचा दी थी।

बुधवार / गुरुवार की रात दोनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। पूछताछ में दोनों ने कई राज उगले हैं। 15 लाख की सुपारी मिलने के बाद हत्या की वारदात कप अंजाम दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने विनोद उनियाल,संगीता उनियाल और चिकित्सक डॉ अजय खन्ना पर मुकदमा दर्ज किया है।
गुरुवार की शाम सात बजे दून पुलिस प्रेस कांफ्रेन्स में हत्याकांड के बाबत कुछ नये खुलासे करने जा रही है।

अर्जुन शर्मा हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

12–15 लाख की सुपारी पर की गई हत्या, मुठभेड़ में दोनों के पैर में लगी गोली

तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या से दहले शहर में पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पूछताछ में हत्या की सुपारी लेने की बात स्वीकार की है।

हत्याकांड के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को तड़के सुबह बड़ी सफलता मिली।

रायपुर क्षेत्र में मुठभेड़

नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल कोरोनेशन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

लालतप्पर क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई

दूसरी मुठभेड़ लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक बदमाश पुलिस के रुकने के संकेत पर नहीं रुका और वापस मुड़कर एक खंडहर फैक्ट्री परिसर में घुस गया। वहां उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। एसएसपी देहरादून कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। दोनों आरोपियों का उपचार अस्पताल में जारी है।

सुपारी किलिंग का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूली। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या के लिए 12 से 15 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी।

पुलिस इस हत्याकांड के पीछे के मास्टरमाइंड और अन्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचने के लिए गहन पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण, लोकेशन ट्रैकिंग और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

बरामदगी-

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त

पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह, निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली देहरादून, उम्र 52 वर्ष।
राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह, निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली देहरादून, उम्र 50 वर्ष।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *