चमोली दौरे पर आईटीबीपी महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, औली में हुआ भव्य स्वागत
सुरक्षा समन्वय और तैयारियों की समीक्षा
अविकल उत्तराखण्ड
चमोली। सरहदी सुरक्षा और सामरिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर इन दिनों उत्तराखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। 21 फरवरी 2026 को जनपद की प्रसिद्ध पर्यटन स्थली औली में जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने जिला प्रशासन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर महानिदेशक को देवभूमि की आस्था के प्रतीक नंदा देवी राजजात की सुंदर प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सीमाओं की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
महानिदेशक का यह दौरा चीन सीमा से सटे दुर्गम क्षेत्रों में तैनात हिमवीरों का हौसला बढ़ाने और अग्रिम चौकियों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
दौरे के दौरान औली में आईटीबीपी, पुलिस, सेना और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इससे पूर्व, जनपद चमोली पहुंचने पर आईटीबीपी हेलीपैड पर आईटीबीपी और सेना के अधिकारियों के साथ एसडीएम ज्योतिर्मठ और क्षेत्राधिकारी चमोली ने उनकी अगवानी की।
इस दौरान आईजी आईटीबीपी औली अखिलेश रावत, आईजी मन्नु महाराज, आईजी बरिंदरजीत सिंह, 9वीं (आई) माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर गौरव बत्रा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, आईटीबीपी कमांडेंट रतन सिंह सोनाल, कमांडेंट सुनील (गौचर वाहिनी) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

