गरीब छात्रा की फीस प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से जमा होगी

जनता दर्शन – दिव्यांग बच्चे को 4 हजार मासिक सहायता

कई मामलों में रायफल फंड से आर्थिक मदद

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की कुल 170 शिकायतें दर्ज हुईं।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए।


बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो कक्षा छह की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई है और स्कूल प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के अंतर्गत उसकी फीस जमा कराने के निर्देश दिए।


खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने परिवार की आर्थिक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि उनका पुत्र दिव्यांग है और उपचार कराने में कठिनाई हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता देने के निर्देश दिए।


बल्लूपुर निवासी शमशाद, जिनका पैर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया है, ने आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने उन्हें रायफल फंड से मदद देने और वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
तहसील चकराता के कांडोई गांव निवासी अनिल कुमार ने पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण से खेतों और नहर को हुए नुकसान तथा 5.04 लाख रुपये की शेष धनराशि न मिलने की शिकायत की।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 12 मार्च तक समस्या के निस्तारण का लिखित आश्वासन देने के निर्देश दिए।


गढ़ीकैंट डाकरा के एक बुजुर्ग ने बेटे की गुंडागर्दी से परेशान होने की शिकायत की, जिस पर गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए। धर्मपुर के एक बुजुर्ग दंपति की बहू द्वारा प्रताड़ना की शिकायत पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया।


इसके अलावा राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा के 34,395 रुपये के पेयजल बिल का सेटलमेंट कर भुगतान रायफल फंड से कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *