गैरसैंण बजट सत्र- स्पीकर पर भेदभाव का आरोप मढ़ा
सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग पर विधायकों का धरना
बेरोज़गारी, महंगाई और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा
अविकल उत्तराखंड
भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन परिसर में विधायकों ने सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर धरना देते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सदन के अंदर भी स्पीकर पर परम्पराओं को तोड़ने का आरोप लगाया और वेल में जोरदार नारेबाजी की। नेता विपक्ष आर्य व प्रीतम सिंह समेत सभो कांग्रेस के विधायकों ने सदन के अंदर प्रबल विरोध जताया। और कहा कि विपक्ष की जनहित से जुड़ी सूचनाओं को स्पीकर खारिज कर रही है। आर्य ने कहा कि स्पीकर भेदभाव कर रही है। और नियमों की अनदेखी हो रही है।

भोजनावकाश के बाद इस मुद्दे पर तीखी नोक झोंक हुई। नतीजतन, स्पीकर ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
इससे पूर्व,सदन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों ने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा के लिए सत्र की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए।
विरोध के दौरान विधायकों ने प्रदेश में लगातार बढ़ती बेरोज़गारी, भर्ती घोटालों से आहत युवाओं की पीड़ा, महंगाई की मार, बढ़ते महिला अपराध तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे गंभीर विषयों को उठाया।
https://www.facebook.com/share/v/19Ymfp4Hzd
आर्य ने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए और ठोस समाधान प्रस्तुत करने चाहिए।
विधायकों का कहना था कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक और गंभीर चर्चा होनी चाहिए। इसलिए बजट सत्र की अवधि बढ़ाकर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर सार्थक विमर्श सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप समाधान निकल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
इसके अलावा कांग्रेस संगठन ने सड़क में उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में हरक सिंह ने नारेबाजी कर माहौल गरमाया।

