तीन अवैध तमंचे व 10 कारतूस बरामद
यूपी–उत्तराखंड बॉर्डर पर सक्रिय गैंग था गैंग
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। एसटीएफ की टीम ने थाना रुद्रपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे (.315 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र वीरत चौधरी पुत्र रामचन्द्र चौधरी, निवासी सुभाषनगर डिबडिबा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा सुमित राठौर पुत्र जसवन्त सिंह, निवासी आजादनगर, थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई चेन पर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है। इस कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए तथा उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड बॉर्डर पर सक्रिय आपराधिक गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र में संभावित कई बड़ी आपराधिक वारदातों को समय रहते विफल कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक अभियुक्त रामपुर जनपद के थाना बिलासपुर में हत्या के प्रयास (धारा 307 आईपीसी) के मामले में वांछित चल रहा था।
पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ द्वारा राज्य में सक्रिय गैंगस्टरों, अपराधियों तथा जेलों में बंद कुख्यात अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
बरामदगी:
03 अवैध तमंचे (.315 बोर)
10 जिंदा कारतूस
एसटीएफ टीम:
निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक बृजभूषण गुररानी, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविन्द बिष्ट, हेड कांस्टेबल जगपाल सिंह, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, हेड कांस्टेबल गुरवंत सिंह तथा हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा।
थाना रुद्रपुर पुलिस टीम:
निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक मोहन जोशी, कांस्टेबल नवीन गिरि तथा कांस्टेबल चालक मोहन प्रकाश।

