17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, 341 शिकायतों पर कार्रवाई
अविकल उत्तराखंड
देहरादून।जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में संचालित कंट्रोल रूम में नागरिकों की एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 341 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में जिला पूर्ति विभाग तथा जिले में गैस आपूर्ति करने वाली सभी एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद हैं। जिला प्रशासन की टीम गैस आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता अथवा अन्य समस्याओं को लेकर प्राप्त शिकायतों पर लगातार नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में आज लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं तथा 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों में लगभग 67 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है।
1 मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू तथा 15,336 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। प्रशासन के अनुसार मांग के अनुरूप गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लोड बढ़ाया गया है, जिससे जल्द ही बैकलॉग में कमी आने की संभावना है। जनसुविधा के लिए विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आज जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों द्वारा जिले में 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। डोईवाला में गैस की कालाबाजारी के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला प्रशासन ने जनमानस से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। होम डिलीवरी के माध्यम से प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एक बार सिलेंडर प्राप्त करने के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगली गैस बुकिंग कराई जा सकेगी।

