IEEE रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन सोसाइटी स्टूडेंट ब्रांच चैप्टर का गठन
छात्रों को रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और आधुनिक तकनीकी अनुसंधान के मिलेंगे नए अवसर
अविकल उत्तराखंड
डोईवाला। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (SRHU), जॉलीग्रांट में तकनीकी शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विश्व की प्रतिष्ठित तकनीकी संस्था इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स (आई.ई.ई.ई.) द्वारा विश्वविद्यालय में IEEE रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन सोसाइटी स्टूडेंट ब्रांच चैप्टर की स्थापना की गई है।
IEEE की ओर से प्राप्त आधिकारिक पत्र के अनुसार, एसआरएचयू में इस स्टूडेंट ब्रांच चैप्टर के गठन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर IEEE ने विश्वविद्यालय के छात्र प्रतिनिधि शुभम गंगारी को पत्र प्रेषित कर बधाई दी है।
इस चैप्टर के गठन से विश्वविद्यालय के छात्रों को रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं अन्य उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सीखने और शोध करने के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। इसके माध्यम से छात्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे तथा तकनीकी नवाचार, कार्यशालाओं, सेमिनारों और विभिन्न प्रोजेक्ट गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपनी क्षमताओं का विकास कर पाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धि न केवल तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि छात्रों को वैश्विक शैक्षणिक एवं तकनीकी नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

