अविकल उत्तराखंड
रुद्रपुर। रुद्रपुर में कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थों का सेवन करने के बाद 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी प्रभावित लोगों ने कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए थे, जिसके कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगडऩे पर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि छह मरीजों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई गई है। वहीं, मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित क्षेत्रों में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। सुभाष कॉलोनी, मुख्य बाजार और रम्पुरा क्षेत्र की कई दुकानों से कुट्टू के आटे और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। कुछ दुकानों को बंद भी कराया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर पहले से प्रतिबंध है, इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

