लगभग 80 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का होगा मूल्यांकन
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखण्ड बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कोटद्वार में परीक्षकों व अंकेक्षकों के प्रशिक्षण के बाद शुरू हो गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मूल्यांकन केंद्र के उपनियंत्रक नागेंद्र चौहान ने परीक्षकों व अंकेक्षकों को मूल्यांकन कार्य की बारीकियों को बताते हुए जिम्मेदारीपूर्वक अपने कार्यों का निर्वहन करने को कहा।

पर्यवेक्षक रविंद्र रावत ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बोर्ड के दिशा निर्देशों को विस्तारपूर्वक बताते हुए मूल्यांकन की शुचिता बनाये रखने को कहा।
मास्टर ट्रेनर सतपाल चौहान व गजेंद्र रावत ने बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन में रखी जाने वाली सावधानी, पत्राचार, कागजात बनाने के तरीके व मूल्यांकन की विधियों के बारे में बताया, इस वर्ष रा इ का कोटद्वार मूल्यांकन केंद्र में हाईस्कूल की गणित, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, संगीत व इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र व व्यावसायिक अध्ययन की लगभग 80 हजार उत्तरपुस्तिकायें मूल्यांकित की जायेंगी।

प्रशिक्षण में उपनियंत्रक नागेंद्र चौहान, पर्यवेक्षक रविंद्र रावत,खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत कुकरेती, सहउपनियंत्रक दीपक नौटियाल, मनमोहन चौहान, मास्टर ट्रेनर गजेंद्र रावत व सतपाल चौहान, सीतांशु कुकशाल मौजूद थे। संचालन सीतांशु कुकशाल ने किया

