उत्तराखण्ड कांग्रेस की ताबड़तोड़ बमबारी से भाजपा में हलचल

कांग्रेस – मार्च फाइनल की हैप्पी एंडिंग, अब धुरंधर की बारी

तीन पूर्व विधायक,दो पूर्व निकाय अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल

भाजपा डूबता जहाज, अभी कई नेता आएंगे कांग्रेस में-गोदियाल

..तो हरदा हुए नाराज !

अविकल थपलियाल

नई दिल्ली।  सीएम पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में मौजूद। और उत्तराखण्ड कांग्रेस की पूरी टीम का भी दिल्ली में ही डेरा। दिन शनिवार। और ग्रहों को उलटने- पलटने का खेला भी सतह पर।  दोपहर ढलते ढलते उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव के लिए जोड़ तोड़ की कहानी भी पहाड़ों तक पहुंचने लगी।
कांग्रेस ने मार्च फाइनल की हैप्पी एंडिंग कर दी। और दिल्ली में तीन पूर्व विधायक, दो पूर्व निकाय अध्यक्ष समेत छह नेता कांग्रेस में शामिल हो गए।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल

खाड़ी युद्ध की वजह से गैस-ईंधन की किल्लत से जूझ रही धामी सरकार की मशीनरी दिन भर बैठकों में बिजी रही। और इधऱ दिल्ली में
पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल, भीमलाल आर्य, नारायण पाल, पूर्व मेयर रुड़की गौरव गोयल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मसूरी अनुज गुप्ता व लाखन सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए।
इस दौरान रुद्रपुर से भाजपा के टिकट पर जीत चुके पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेस में शामिल होने की कई वजह गिनाईं। और भाजपा को आड़े हाथ भी लिया। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अभी कई और बड़े नाम कांग्रेस में शामिल होंगे। गोदियाल ने कहा कि उन्होंने डेढ़ दर्जन नेताओं की सूची हाईकमान को सौंप दी है। और अब हर महीने 24 अकबर रोड में कांग्रेस में शामिल होने का जश्न चलता रहेगा।


गोदियाल के इस दावे के बाद भाजपा में खलबली मची हुई है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा से निष्कासित नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कांग्रेस सिर्फ चार नेताओं की पार्टी है। भाजपा इन्हें फुके हुए कारतूस भी बता रही है।
जबकि गोदियाल ने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी अपनी सरकार की नीतियों और रीतियों से खुश नहीं हैं। यही वजह है कि कई नेता खुलकर अपनी सरकार के विरोध में बोल रहे हैं और अपनी आवाज़ उठा रहे हैं।

कांग्रेस में शामिल नेताओं ने कहा कि
परिवार में नए लोगों के जुड़ने से परिवार को मजबूती मिलती है ।  2027 में प्रदेश की जनता को कांग्रेस की सरकार देने में अपनी भूमिका निभायेंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हैट्रिक के सपने को ध्वस्त करने की तरफ़ ये अभी पहला कदम है।

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा गुरदीप सप्पल प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, हरक सिंह, करण मेहरा,तिलकराज बेहड़ समेत कई नेता मौजूद रहे।

दिल्ली में गणेश गोदियाल

इस बीच, ठुकराल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व पालिकाध्यक्ष व 2022 में कांग्रेस के टिकट पर रुद्रपुर से विस चुनाव लड़ चुकी मीना शर्मा के इस्तीफा देने की भी खबर है।

इसके अलावा, कांग्रेस के हाशिए पर धकेल दिए गए पूर्व सीएम हरीश रावत भी बहुत खुश नहीं बताए जा रहे है। हरीश रावत पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय नेगी को कांग्रेस में शामिल करवाना चाहते थे। लेकिन पूर्व विधायक रंजीत रावत व पूर्व सांसद महेन्द्रपाल के वीटो की वजह से संजय नेगी की जॉइनिंग फिलहाल टल गई।

पूर्व विधायक तिलकराज बेहड़


संजय नेगी ने 2022 में रामनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र पाल के विरुद्ध निर्दलीय चुनाव लड़ कर उनकी हार में अहम भूमिका निभाई थी।
बहरहाल, इन नेताओं के शामिल होने से रुद्रपुर,घनसाली, सितारगंज, मसूरी व रुड़की विधानसभा के समीकरण एक सीमा तक प्रभावित होने की उम्मीद जताई जा रही है।


इनमें ठुकराल सबसे ज्यादा मुखर हैं। और अपनी पुरानी पार्टी में योगदान का उल्लेख करते हुए खूब गरिया भी रहे हैं।


साथ ही ठुकराल अपने साथ हुई नाइंसाफी को लेकर भी जनता की अदालत में जाएंगे। भाजपा के विरोध में कांग्रेस की पूरी कोशिश राजकुमार ठुकराल को भुनाने की रहेगी।
फिलहाल, शनिवार के इस जमावड़े के बाद सभी की नजरें दोनों दलों के अगले कदम पर टिकी हुई है।
भाजपा के पलटवार के अलावा बकौल गोदियाल की पार्टी हाईकमान को सौंपी गई डेढ़ दर्जन नेताओं की सूची के सार्वजनिक होने का भी इंतजार रहेगा। साथ ही पूर्व सीएम हरीश रावत के 15 दिनी अवकाश की घोषणा के निहितार्थ को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। मुख्यमंत्री धुरंधर धामी की टीम कांग्रेस की इस गोलाबारी को कैसे डिफेंस करती है,यह पिक्चर भी अभी बाकी है…

Pls clik-पढ़ें खास खबरें

रिश्वत लेते फॉरेस्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

खाड़ी देशों में फंसे उत्तराखंडियों के लिए राज्य सरकार की पहल

गैस- ईंधन पर पैनिक होने की आवश्यकता नहीं—मुख्य सचिव

मुख्यमंत्री द्वारा राजस्व लोक अदालत का शुभारम्भ

शादी -समारोह में शराब पिलाने पर 21 हजार का जुर्माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *