दो किमी दूर जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
अविकल उत्तराखंड
पौड़ी। पोखड़ा क्षेत्र से मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक अत्यंत दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्रामसभा भतकोट निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय मासूम बेटी दृष्टि गुरुवार शाम के समय घर की चौखट पर बैठकर खाना खा रही थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर उसे खींचते हुए जंगल की ओर ले गया। इस दिल दहलाने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई।
घटना के समय बच्ची की बड़ी बहन और दादी भी पास में मौजूद थीं। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की गई, लेकिन रात भर खोजबीन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। काफी मशक्कत के बाद बच्ची का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही रेंजर नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सतपुली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग की और शव उठाने से इनकार कर दिया। शुक्रवार सुबह एसडीएम रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद घर के पास ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
पोखड़ा और बीरोंखाल के विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित
जनपद पौड़ी के कोलाखाल क्षेत्र में नरभक्षी गुलदार के बढ़ते आतंक को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत विकासखंड पोखड़ा एवं बीरोंखाल के अनेक विद्यालयों में एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के तहत यह निर्णय लिया है। खंड शिक्षा अधिकारी पोखड़ा एवं बीरोंखाल मनोज कुमार जोशी ने बताया कि न्याय पंचायत कोलाखाल के तहत संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी तथा जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में 4 अप्रैल (शनिवार) एवं 6 अप्रैल (सोमवार) को अवकाश रहेगा। इसी क्रम में विकासखंड बीरोंखाल के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी, भरपूर बड़ा और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तिमली एवं कण्डूली बड़ी में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भी उक्त दोनों तिथियों को अवकाश घोषित किया है।

