ऑपरेशन क्रैकडाउन-चार हजार से अधिक संदिग्धों पर कार्रवाई

किरायेदार सत्यापन में मकान मालिकों पर ढाई करोड़ का जुर्माना

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। राजधानी दून में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और बाहरी राज्यों से आकर रह रहे संदिग्ध व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस द्वारा चलाया गया “ऑपरेशन क्रैकडाउन” में हजारों लोगों का सत्यापन किया गया।

डेढ़ माह तक चले इस व्यापक सत्यापन अभियान में हजारों संदिग्धों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई, जिससे शहर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ियों, मलिन बस्तियों के साथ-साथ रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और गेटेड कॉलोनियों में भी व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गठित पुलिस टीमों ने नगर व देहात क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान 342 अपार्टमेंट और 59 गेटेड कॉलोनियों के 30 हजार से अधिक मकानों में सत्यापन किया गया। साथ ही आश्रम, धर्मशालाओं, होटल, गेस्ट हाउस और हॉस्टलों में निवासरत कुल 43,499 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
सत्यापन के दौरान 4,466 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 1,805 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया, जबकि 63 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा किरायेदारों, घरेलू नौकरों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने वाले 2,596 मकान मालिकों व प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में चालान करते हुए 2 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज के देहरादून में रह रही तीन विदेशी महिलाओं को थाना रायपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जबकि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त सात अन्य आरोपियों को रायवाला और कैंट थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए यह सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *