अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की। लगातार चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने पर विभिन्न स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए और संबंधित लोगों को बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण न करने के निर्देश दिए गए।
हरिद्वार के झंडा चौक जमालपुर से पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर तालाब के सामने जमालपुर कलां रोड पर लगभग 7 से 8 बीघा भूमि में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
इसके अतिरिक्त, जमालपुर पंचायत भवन से आगे बाग वाली नई कॉलोनी के सामने सराय रोड पर करीब 4 बीघा क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग का कार्य चल रहा था।
प्राधिकरण द्वारा इन मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य बंद न किए जाने पर प्राधिकरण टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में जेसीबी की सहायता से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। साथ ही मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे किसी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
रुड़की के ढंडेरा में 5-6 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
रुड़की के ढंडेरा क्षेत्र में पानी की टंकी के पास जितेन्द्र राणा व अन्य द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा भूमि में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण की शाखा कार्यालय रुड़की की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से उक्त अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

