लिनचोली के पास 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त
देखें वीडियो
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। लिनचोली के पास अचानक थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा पैदल मार्ग पर आ गया। इससे करीब 100 मीटर रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मार्ग पर आवाजाही रोकनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से केदारनाथ धाम में चल रहे द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्यों पर भी असर पड़ा है।
मार्ग बंद होने के कारण घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे निर्माण सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की आपूर्ति फिलहाल रुक गई है।
डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बर्फ तथा मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द मार्ग को बहाल कर यात्रा तैयारियों को पटरी पर लाया जाए।

